BSNL Investment Plan: सरकारी कंपनी 2 लाख नए 4G टावर लगाएगी, जमीन बेचकर पैसा जुटाने का प्लान

BSNL Investment Plan: BSNL अगले पांच साल में ₹77,000 करोड़ निवेश की तैयारी में है। कंपनी 2 लाख नए 4G टावर लगाएगी और जमीन बेचकर ₹8,000 करोड़ जुटाना चाहती है। सरकार का लक्ष्य FY29 तक BSNL को ऑपरेशनल ब्रेक-ईवन तक पहुंचाना है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Aug 17, 2026 पर 3:34 PM
BSNL ने चालू वित्त वर्ष में जमीन और प्रॉपर्टी बेचकर ₹8,000 करोड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है।

BSNL Investment Plan: सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL अगले पांच साल में ₹77,000 करोड़ के बड़े निवेश की तैयारी कर रही है। इस रकम का बड़ा हिस्सा कंपनी अपनी जमीन और दूसरी संपत्तियां बेचकर जुटाना चाहती है। सरकार को उम्मीद है कि चालू और अगले वित्त वर्ष में एसेट मॉनेटाइजेशन से अच्छी रकम आएगी, जिससे 4G और 5G नेटवर्क विस्तार को रफ्तार मिलेगी।

2 लाख नए 4G साइट्स लगाएगी

दूरसंचार विभाग (DoT) की योजना के तहत BSNL 2 लाख नए 4G टावर लगाएगी। इसके अलावा नेटवर्क मजबूत किया जाएगा। ज्यादा ट्रैफिक वाले और रणनीतिक इलाकों में 5G सेवाओं का विस्तार होगा।


फिलहाल कंपनी के पास 1.25 लाख से ज्यादा टेलीकॉम टावर हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या आगे भी बढ़ती रहेगी।

जमीन बेचकर ₹8,000 करोड़ जुटाएगी

BSNL ने चालू वित्त वर्ष में जमीन और प्रॉपर्टी बेचकर ₹8,000 करोड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। यह रकम सीधे पूंजीगत खर्च (Capex) में लगाई जाएगी।

मुंबई में BSNL के फ्लैट और एक प्राइम प्रॉपर्टी समेत कई संपत्तियों में खरीददारों की दिलचस्पी दिखाई गई है। वहीं MTNL के पास भी दिल्ली और मुंबई में कई कीमती संपत्तियां हैं।

FY29 तक ऑपरेशनल ब्रेक-ईवन का लक्ष्य

सरकार का मानना है कि यह निवेश योजना BSNL को FY29 तक ऑपरेशनल ब्रेक-ईवन तक पहुंचाने में मदद करेगी। यानी ऑपरेशन से कमाई और खर्च बराबर हो जाएगा। साथ ही कंपनी की देशभर में कवरेज बढ़कर 98% तक पहुंच सकती है।

TRAI के आंकड़ों के मुताबिक, जून तिमाही के अंत तक BSNL के मोबाइल ग्राहकों की संख्या बढ़कर 9.3 करोड़ हो गई। पिछली तिमाही में यह 9.29 करोड़ थी, जबकि एक साल पहले 9.05 करोड़ ग्राहक थे।

पहले भी किया रिकॉर्ड निवेश

BSNL ने FY25 में ₹26,022 करोड़ का कैपेक्स किया था, जो कंपनी के इतिहास का सबसे बड़ा निवेश था। यह खर्च मुख्य रूप से 4G नेटवर्क, पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और भारतनेट के लिए फाइबर नेटवर्क पर किया गया।

इसके अलावा DoT ने FY27 के लिए BSNL रिवाइवल पैकेज के तहत ₹21,588 करोड़ की अतिरिक्त पूंजी डालने का प्रस्ताव भी रखा है। यह रकम ₹77,000 करोड़ की योजना से अलग है।

जून तिमाही में कैसा रहा प्रदर्शन?

जून तिमाही (Q1 FY27) में BSNL का कंसोलिडेटेड नेट लॉस ₹1,280 करोड़ रहा। यह पिछले साल के ₹1,007 करोड़ से ज्यादा है। लेकिन पिछली तिमाही के ₹1,419 करोड़ के मुकाबले घाटा कम हुआ है।

कंपनी का रेवेन्यू 4.2% बढ़कर ₹5,306 करोड़ पहुंच गया। वहीं मोबाइल कारोबार 12% बढ़कर ₹2,282 करोड़ हो गया।

Hind Copper Share Price: रिकॉर्ड ऊंचाई पर कॉपर की कीमतों से झूमा शेयर, 7% चढ़ा, केबल और वायर कंपनी शेयरों में भी तेजी

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।