Union Budget 2023: यूनियन बजट में लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस में बदलाव और PLI स्कीम के लिए आवंटन बढ़ाने से शेयर बाजार तेज दौड़ लगा सकता है। OmniScience Capital के सीईओ और चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रेटेजिस्ट विकास गुप्ता ने यह अनुमान जताया है। उन्होंने मनीकंट्रोल से बातचीत में यूनियन बजट 2023 (Union Budget 2023) के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि सरकार यूनियन बजट 2023 में अमृत काल के विजन पर फोकस बढ़ाएगी। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को यूनियन बजट 2023 पेश करेंगी। यह बजट 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले मोदी 2.0 सरकार का आखिरी पूर्ण बजट होगा। इसलिए इसमें कैपिटल एक्सपेंडिर पर सरकार का फोकस जारी रहने की उम्मीद है।
इन सेक्टर के लिए आवंटन बढ़ा सकती हैं वित्तमंत्री
गुप्ता ने कहा कि सरकार रेलवे, डिफेंस, पावर/क्लीनटेक, एक्सपोर्ट्स के लिए आवंटन बढ़ा सकती है। FDI और डोमेस्टिक इनवेस्टमेंट्स के लिए आवंटन बढ़ाने के उपाय भी निर्मला सीतारमण कर सकती हैं। इसका अच्छा असर शेयर बाजार के सेंटिमेंट पर पड़ेगा। इससे इनवेस्टर्स का कॉन्फिडेंस भी बढ़ेगा। वित्तमंत्री प्रधानमंत्री के गतिशक्ति पर भी फोकस बढ़ाएंगी। इसके अलावा इनक्लूसिव डेवलपमेंट, प्रोडक्टविटी इन्हैंस्मेंट एंड इनवेस्टमेंट, सनराइज अपॉर्चुनिटीज, एनर्जी ट्रांजिशन और क्लामेट एक्शन पर भी सरकार का फोकस रहेगा।
एजुकेशन-हेल्थकेयर पर भी बढ़ेगा फोकस
उन्होंने कहा कि लॉजिस्टिक्स के अलग-अलग साधनों खासकर रेलवे और वाटरवेज के लिए आवंटन बढ़ने की उम्मीद है। पीएम गतिशक्ति के लिए आवंटन में भी बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। क्लीनटेक, रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए आवंटन बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा एजुकेशन, हेल्थकेयर और डिफेंस पर भी सरकार का फोकस बढ़ेगा।
एलटीसीजी टैक्स के नियमों में हो सकते हैं बदलाव
बजट के एलानों का शेयर बाजार पर पड़ने वाले असर के बारे में पूछने पर गुप्ता ने कहा कि बजट के दिन शेयर बाजारों में बड़ा करेक्शन आने की उम्मीद कम है। लेकिन, अगर कैपिटल गेंस टैक्स बढ़ाया जाता है तो मार्केट में गिरावट दिख सकती है। सरकार इक्विटी पर लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस के होल्डिंग पीरियड को भी 1 साल से बढ़ाकर 2 या 3 साल कर सकती है। हालांकि, बजट भाषण के दौरान शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक बात है।
विनिवेश का टारगेट बढ़ने की उम्मीद नहीं
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण यूनियन बजट 2023 में विनिवेश को लेकर क्या ऐलान करेंगी? इसके जवाब में गुप्ता ने कहा कि बजट में विनिवेश का टारगेट बहुत बढ़ाए जाने की उम्मीद नहीं है। लेकिन, वास्तविक इनटर्नल टारगेट काफी एग्रेसिव होगा। सरकारी कंपनियों को लेकर मार्केट का सेंटिमेंट पॉजिटिव है। अगले 3-5 साल में इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार का कैपिटल इनवेस्टमेंट ज्यादा बने रहने की उम्मीद है।