Stock to Buy: स्पोर्ट्स शूज बनाने वाली फुटवियर कंपनी Campus Activewear के शेयर में 48% तेजी की उम्मीद है। ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal ने इसे खरीदने की सलाह दी है। साथ ही, शेयर का टारगेट प्राइस 290 रुपये रखा है। यह 196 रुपये के मौजूदा स्तर से करीब 48% की तेजी बनती है।
ब्रोकरेज को उम्मीद है कि कंपनी आने वाले सालों में अच्छी ग्रोथ करेगी। इसके लिए कंपनी ज्यादा जूते बेचने और महंगे प्रोडक्ट्स पर फोकस कर रही है। साथ ही, वह अपना मार्जिन भी बढ़ाना चाहती है। Motilal Oswal का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 से 2029 के बीच कंपनी का रेवेन्यू हर साल औसतन 15% बढ़ सकता है। EBITDA में 18% और मुनाफे में 23% की सालाना ग्रोथ का अनुमान है।
महिलाओं और बच्चों के जूतों पर खास ध्यान
Campus अब सिर्फ स्पोर्ट्स शूज तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी स्नीकर्स, महिलाओं के जूते, बच्चों के फुटवियर और परफॉर्मेंस शूज की रेंज बढ़ा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं के फुटवियर की बिक्री कंपनी की औसत ग्रोथ से दोगुनी से ज्यादा तेजी से बढ़ रही है। कंपनी की कुल बिक्री में इसकी हिस्सेदारी 15-16% हो गई है। बच्चों के जूतों की हिस्सेदारी अभी 5-6% है। कंपनी को इस कारोबार में भी आगे अच्छी ग्रोथ की उम्मीद है।
कंपनी अपने Elan ब्रांड को भी बढ़ा रही है। इसके जरिए वह प्रीमियम फुटवियर बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
कीमतें बढ़ाने से मुनाफे को फायदा
कच्चे माल की लागत बढ़ने के बीच कंपनी ने अक्टूबर 2026 में कुछ प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ाई हैं। मैनेजमेंट ने साफ किया है कि कच्चे माल की कीमतें घटने पर भी इन बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने का इरादा नहीं है। इससे कंपनी के मार्जिन को सहारा मिल सकता है।
ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 से 2029 के बीच कंपनी का EBITDA मार्जिन करीब 1.55 प्रतिशत अंक बढ़ सकता है। कंपनी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क मजबूत करने और मैन्युफैक्चरिंग में ऑटोमेशन पर भी काम कर रही है।
विदेश में भी कारोबार बढ़ाने की तैयारी
Campus Activewear ब्रिटेन, UAE और दक्षिण-पूर्व एशिया में अपने ब्रांड के जूते बेचने के मौके तलाश रही है। कंपनी प्रीमियम सेगमेंट में अपनी जगह बनाने के लिए दूसरे ब्रांड खरीदने या उनकी लाइसेंसिंग लेने पर भी विचार कर सकती है।
Campus Activewear का शेयर सोमवार को 0.41% की तेजी के साथ 196.19 रुपये पर बंद हुआ। स्टॉक पिछले 1 साल में करीब 30% नीचे आया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।