केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 21.37 प्रतिशत बढ़कर 59.18 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 48.71 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 121.59 करोड़ रुपये रहा, जो सितंबर 2025 तिमाही में 103.92 करोड़ रुपये था। कंपनी के खर्च 48.24 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 तिमाही में 46.49 करोड़ रुपये के थे।
अप्रैल-सितंबर 2026 यानि कि वित्त वर्ष 2026-27 के पहले 6 महीनों की बात करें तो केनरा रोबेको AMC का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 237.79 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 201 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा 134.79 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सितंबर 2025 तिमाही में 109.69 करोड़ रुपये था।
पहले अंतरिम डिविडेंड का ऐलान
Canara Robeco AMC ने वित्त वर्ष 2027 के लिए पहले अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। यह 2 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। रिकॉर्ड डेट 16 अक्टूबर 2026 है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा है कि डिविडेंड का पेमेंट 30 दिनों के अंदर पात्र शेयरहोल्डर्स को कर दिया जाएगा।
शेयर इस साल अब तक 30 प्रतिशत फिसला
Canara Robeco AMC अक्टूबर 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 1,326.13 करोड़ रुपये का था। सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद कंपनी के शेयर में सोमवार, 12 अक्टूबर को तेजी दिख सकती है। वर्तमान में शेयर की कीमत BSE पर 219.75 रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर साल 2026 में अब तक लगभग 30 प्रतिशत कमजोर हुआ है।
शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 353.55 रुपये और एडजस्टेड लो 214.45 रुपये है। अपर प्राइस बैंड 263.70 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 175.80 रुपये है। सर्किट लिमिट 20 प्रतिशत है।कंपनी का मार्केट कैप 4300 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।