Yes Bank में हिस्सेदारी खरीद सकते हैं कार्लाइल और एडवेंट, जानिए कितने में होगी डील

मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि कार्लाइल और एडवेंट के टॉप लेवल के अधिकारियों ने इस हफ्ते यस बैंक और एसबीआई के सीनियर मैनेजमेंट से बातचीत की है। एसबीआई की यस बैंक में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है

अपडेटेड Jul 22, 2022 पर 1:55 PM
Story continues below Advertisement
यस बैंक के शेयर में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अच्छी तेजी देखने को मिली।

Yes Bank Share Price: यस बैंक को जल्द बड़े इनवेस्टर्स मिल सकते हैं। प्राइवेट इक्विटी फर्म Carlyle और Advent यस बैंक में हिस्सेदारी खरीद सकते हैं। यह डील करीब 1 अरब डॉलर में हो सकती है। यस बैंक को पूंजी की जरूरत है। वह लंबे समय से हिस्सेदारी बेचकर पूंजी जुटाने की कोशिश कर रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यस बैंक अपना डूबा कर्ज JC Flowers Asset Reconstruction Company को बेचने जा रहा है। यस बैंक के बोर्ड में भी बदलाव की खबर है। इससे प्राइवेट इक्विटी फर्मों की दिलचस्पी यस बैंक में बढ़ी है।

मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि कार्लाइल और एडवेंट के टॉप लेवल के अधिकारियों ने इस हफ्ते यस बैंक और एसबीआई के सीनियर मैनेजमेंट से बातचीत की है। एसबीआई की यस बैंक में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है। बताया जाता है कि इस बारे में RBI के अधिकारियों से भी बातचीत हुई है।


यह भी पढ़ें : Yes Bank के शेयर पिछले एक महीने में 18% चढ़े, जानिए किस खबर से आ रही है तेजी

बताया जाता है कि यस बैंक में इनवेस्टमेंट की यह डील एक्सिस बैंक में बेन कैपिटल के निवेश जैसी होगी। शुरुआत में यस बैंक करीब 2.6 अरब वारंट्स जारी कर सकता है। फिर वह कार्लाइल और एडवेंट को प्रिफरेंशियल एलॉटमेंट के जरिए नए शेयर जारी करेगा।

कार्लाइल और एडवेंट Yes Bank में प्रति शेयर 14-15 रुपये की कीमत पर 3,600-3,900 रुपये इनवेस्ट कर सकते हैं। दोनों यस बैंक में 5-5 फीसदी हिस्सेदारी ले सकते हैं। वारंट्स को बाद में पहले से तय कीमत और तारीख पर शेयरों में बदल दिया जाएगा। आम तौर पर वारंट्स को 18 महीने बाद शेयरों में कनवर्ट किया जाता है।

यस बैंक अधिकतम 3.8 अरब डॉलर वारंट्स इश्यू कर सकता है ताकि बैंक में SBI की हिस्सेदारी 26 फीसदी बनी रहे। यस बैंक को डूबने से बचाने के लिए RBI ने जो प्लान एप्रूव किया था, उसके मुताबिक मार्च 2023 से पहले यस बैंक में एसबीआई की हिस्सेदारी 26 फीसदी से कम नहीं हो सकती। अभी यस बैंक में SBI की 30 फीसदी हिस्सेदारी है।

यस बैंक के शेयर में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अच्छी तेजी देखने को मिली। बैंक का शेयर 2.45 फीसदी चढ़कर 14.60 रुपये पर चल रहा था। पिछले एक महीना में यस बैंक का शेयर 17.27 फीसदी चढ़ चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।