कलकत्ता इलेक्ट्रिक सप्लाई कॉरपोरेशन (CESC) के शेयरों में आज 9 जुलाई को 10 फीसदी तक की दमदार रैली देखी गई। इस समय यह स्टॉक 4.74 फीसदी की बढ़त के साथ 180.20 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, इंट्राडे में स्टॉक ने 189.10 रुपये के अपने 52-वीक हाई को छू लिया। दरअसल, कंपनी ने टैरिफ में 5.7 फीसदी की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इसके साथ ही कंपनी ने अपने कंज्यूमर्स पर फ्यूल एडजस्टमेंट चार्ज भी लगाना शुरू कर दिया है। इस खबर के बाद कंपनी के शेयरों में आज जमकर खरीदारी देखी गई।
CESC पर क्या है ब्रोकरेज की राय
घरेलू ब्रोकरेज IIFL सिक्योरिटीज ने कहा कि टैरिफ बढ़ोतरी से कंपनी के बढ़ते फ्यूल चार्ज की लागत की भरपाई हो जाएगी और यह सुनिश्चित हो जाएगा कि कंपनी को पूरी लागत वसूली मिल जाए। रिपोर्ट के अनुसार 2 जुलाई तक FPPAS सहित 7.33 रुपये का ग्रॉस पावर टैरिफ, दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे अन्य प्रमुख शहरों की तुलना में सबसे कम है।
CESC ने स्पष्ट किया है कि पिछले सात वर्षों से टैरिफ में कोई बदलाव नहीं हुआ है। CESC की संचित रेगुलेटरी एसेट्स, जो 3,000 करोड़ रुपये से 3,500 करोड़ रुपये के बीच हैं, रेगुलेटरी अप्रुवल के साथ धीरे-धीरे वसूल की जाएंगी।
कैसा रहा है CESC के शेयरों का प्रदर्शन
वर्तमान में CESC टोरेंट पावर, टाटा पावर और अदाणी पावर के मुकाबले भारी डिस्काउंट पर कारोबार कर रहा है। ब्रोकरेज ने कहा कि टैरिफ बढ़ोतरी के बाद यह डिस्काउंट काफी हद तक कम हो जाएगी। पिछले एक महीने में CESC के शेयरों में 23 फीसदी की तेजी आई है। पिछले 6 महीने में स्टॉक ने 30 फीसदी का रिटर्न दिया है। पिछले एक साल में इसके निवेशकों को 140 फीसदी का तगड़ा मुनाफा हुआ है। इतना ही नहीं, पिछले 4 सालों में इसने 186 फीसदी का मुनाफा कराया है।