एसबीआई सिक्योरिटीज के सुदीप शाह को निफ्टी IT में शॉर्ट टर्म में जोरदार तेजी की उम्मीद, बताई ये वजह
एसबीआई सिक्योरिटीज के सुदीप शाह का कहना है कि निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे दिग्गज शेयरों के चार्ट आशाजनक संकेत दे रहे हैं। सुदीप एसबीआई सिक्योरिटीज में डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट और तकनीकी और डेरिवेटिव रिसर्च डेस्क के हेड हैं
MoneyControl News
अपडेटेड Mar 18, 2024 पर 1:21 PM
लार्ज-कैप शेयरों के चार्ट निफ्टी के लिए मोमेंटम इंडीकेटर्स और ऑसिलेटर्स में कुछ कमजोरी के साथ ही मिलेजुले संकेत दे रहे हैं। ऐसे में लगता है कि निकट की अवधि में निफ्टी में कंसोलीडेशन देखने को मिल सकता है
निफ्टी आईटी शॉर्ट टर्म में मजबूत प्रदर्शन करता नजर आएगा। इस इंडेक्स ने 36,600 के अपने अहम सपोर्ट जोन से मजबूत वापसी की है। ये लेवल 30,054 से 38,559 तक के हालिया स्विंग का 23.6 फीसदी फाइबोनैचि रिट्रेसमेंट लेवल है। निफ्टी आईटी इंडेक्स शॉर्ट टर्म में 38,500 का लेवल छू सकता है। उन्होंने आगे कहा कि फ्रंटलाइन इंडेक्सों में हाल की गिरावट के दौरान, निफ्टी आईटी ने पिछले पांच कारोबारी सत्रों में निफ्टी आईटी और निफ्टी के रेशियों चार्ट के साथ हाई रिलेटिव स्ट्रेंथ का प्रदर्शन किया है। ये वर्तमान बाजार स्थितियों में इसके बेहतर प्रदर्शन की संभावना को दर्शाता है। ये बातें एसबीआई सिक्योरिटीज के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट और टेक्निकल एंड डेरिवेटिव रिसर्च डेस्क हेड सुदीप शाह ने मनीकंट्रोल के साथ हुई बातचीत में कही है।
टेक्निकल और डेरिवेटिव रिसर्च में 15 सालों से ज्यादा का अनुभव रखने वाले सुदीप शाह का अनुमान है कि 21,900 - 21,850 के जोन में निफ्टी 50 के लिए अहम सपोर्ट होगा। अगर निफ्टी 21,850 से नीचे जाता है तो शॉर्ट टर्म में इसमें 21,500 तक का करेक्शन देखने को मिल सकता है।
यहां हम मनीकंट्रोल के साथ बाजार पर हुई सुदीप शाह की बातचीत का संपादित अंश दे रहे हैं।
निकट की अवधि में निफ्टी में कंसोलीडेशन की उम्मीद
इस बातचीत में उन्होंने आगे कहा कि 15 मार्च को समाप्त पिछले सप्ताह डेली स्केल पर निफ्टी ने राइजिंग चैनल ब्रेकडाउन के बाद 21,900-21,930 के आसपास सपोर्ट लिया है। यह जोन 50-डे ईएमए (एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज) और पिछले स्विंग लो का संगम है। निफ्टी अपने 20-डे ईएमए स्तर से नीचे कारोबार करने के अलावा, 20-डे ईएमए से भी नीचे आना शुरू हो गया है।
लार्ज-कैप शेयरों के चार्ट निफ्टी के लिए मोमेंटम इंडीकेटर्स और ऑसिलेटर्स में कुछ कमजोरी के साथ ही मिलेजुले संकेत दे रहे हैं। ऐसे में लगता है कि निकट की अवधि में निफ्टी में कंसोलीडेशन देखने को मिल सकता है। दीप शाह का मानना है कि 21,900 - 21,850 के जोन में निफ्टी के लिए अहम सपोर्ट दिख रहा है। अगर निफ्टी 21,850 से नीचे जाता है तो शॉर्ट टर्म में इसमें 21,500 तक का करेक्शन देखने को मिल सकता है। ऊपर की ओर निफ्टी के लिए 22,200-22,250 के जोन में तत्काल रजिस्टेंस दिख रहा है। 22,250 के स्तर से ऊपर जाने पर निफ्टी में 22,530-22,700 तक की तेजी देखने को मिल सकती है।
इन शेयरों में दिख रहा दम
सुदीप का कहना है कि हाल की गिरावट के बाद रिलेटिव स्ट्रेंथ चार्ट पर अंबुजा सीमेंट्स, भारती एयरटेल, सिप्ला, कोलपाल, एचडीएफसी एएमसी, नेस्ले इंडिया और टीसीएस जैसे लार्ज-कैप स्टॉक अच्छे लग रहे है। आगे इन शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है। मिड-कैप स्पेस में पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, डिक्सन टेक्नोलॉजीज और एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज मजबूत स्थिति में नजर आ रहे हैं।
छोटे-मझोले शेयरों की मुश्किल अभी नहीं हुई खत्म
मिड और स्मॉल कैप शयरों पर बात करते हुए सुदीप ने कहा कि 15 मार्च को समाप्त सप्ताह पहले आधे हिस्से में भारी बिकवाली के बाद निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में पिछले दो कारोबारी सत्रों में मामूली पुलबैक देखने को मिला है। लेकिन सबसे बुरा दौर अभी ख़त्म नहीं हुआ है। ऐसा लगता है कि निफ्टी की तुलना में मिड और स्मॉलकैप में कमजोर प्रदर्शन जारी रहेगा। ऐसे में बुनियादी रूप से मजबूत चुनिंदा शेयरों में ही दांव लगाने की सलाह होगी।
मिडकैप इंडेक्स के लिए 45,300-45,500 को जोन में स्थित 100-डे ईएमए मजबूत सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है, जबकि ऊपर की तरफ 47,400-47,500 के जोन में रजिस्टेंस दिख रहा है। निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स मिडकैप इंडेक्स की तुलना में कमजोर है। जहां मिडकैप इंडेक्स अपने ऑलटाइम हाई से 6 फीसदी नीचे है, वहीं स्मॉलकैप अपने हाई से 12 फीसदी से ज्यादा नीचे आ गया है। उम्मीद है कि ये इंडेक्स ऊपर की ओर 15,300 के 20 डीईएमए जोन और नीचे की ओर 13,900 के बीच कंसोलीडेट होगा।
प्राइवेट बैंकों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स और निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स के रेशियो चार्ट को देखने पर लगता है कि पिछले कुछ कारोबारी सत्रों से निजी बैंकों के बेहतर प्रदर्शन के स्पष्ट संकेत दिखाई दे रहे हैं। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स को 22,800-23,000 ज़ोन में सपोर्ट है। ये इसका 200-डे ईएमए होने के साथ-साथ डाउनवर्ड स्लोपिंग ट्रेंडलाइन जोन भी है। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स मेंएचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे दिग्गज शेयरों के चार्ट अच्छे संकेत दे रहे हैं।
वहीं, पीएसयू बैंक इंडेक्स ने अपने हालिया स्विंग लो को तोड़ दिया है। अब इसको ऊपर की ओर गति पकड़ने के लिए 6,950-7,000 के अपने 10-20 ईएमए जोन को पार करने और ऊपर इसके ऊपर टिकने की जरूरत है।
इस हफ्ते के अपने को पसंदीदा पिक्स बताते हुए सुदीप में कहा कि इस हफ्ते एल एंड टी टेक और कोचीन शिपयार्ड में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है।
शुक्रवार को एल एंड टी टेक ने मजबूत वॉल्यूम के दम पर डेली स्केल पर फॉलिंग वेज पैटर्न ब्रेकआउट दिया है। स्टॉक वर्तमान में अपने शॉर्ट और लॉन्ग टर्म मूविंग एवरेज से ऊपर कारोबार कर रहा है। मोमेंटेम इंडीकेटर और ऑसिलेटर भी तेजी के संकेत दे रहे हैं।
इस स्टॉक को 5,360-5,400 रुपये के जोन में मिलने पर 5,190 रुपये के स्टॉप-लॉस के साथ 5,700 रुपये के लक्ष्य के लिए धीरे-धीरे किस्तों में खरीदने की सलाह दे रहे हैं। 5,700 रुपए का लेवल पार होने पर स्टॉक में 5,850 रुपये का अगला लक्ष्य देखने को मिल सकता है।
कोचीन शिपयार्ड ने 720 रुपये के स्तर से वापसी की है। ये इसका 100-डे ईएमए लेवल के साथ-साथ इसके पिछले हाई (430-941 रुपये) का 38.2 फीसदी फाइबोनैचि रिट्रेसमेंट स्तर है। अपने 20 और 50-डे ईएमए लेवल को फिर से रिबाउंड को 50-डे एवरेज से ऊपर के वॉल्यूम का भी सपोर्ट दिख रहा है।
डेली आरएसआई (रिलेटिव इंट्रेस्ट इंडेक्स) ने भी बुलिश क्रॉसओवर दिया है। ऐसे में इस स्टॉक में 940 रुपये के लक्ष्य के लिए 850 रुपये के स्टॉप-लॉस के साथ 890-880 रुपये के जोन में खरीदारी की सलाह है। 940 रुपए का लेवल पार होने पर स्टॉक में 960 रुपये का अगला लक्ष्य देखने को मिल सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।