CLN Energy IPO Listing: लीथियम-आयन बैट्री और ईवी के पार्ट्स बनाने वाली सीएलएएन एनर्जी के शेयरों की आज BSE SME प्लेटफॉर्म पर महज 2 फीसदी प्रीमियम पर एंट्री हुई लेकिन लिस्ट होते ही शेयर अपर सर्किट पर चले गए। इसके आईपीओ को ओवरऑल 5 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 250 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी 256 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 2.40% का लिस्टिंग गेन (CLN Energy Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह 268.80 रुपये (CLN Energy Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया।
हालांकि फिर मुनाफावसूली के दबाव में यह टूटकर 252.00 रुपये पर आ गया। दिन के आखिरी में यह 252.00 रुपये पर बंद हुआ है यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 0.82% मुनाफे में हैं।
CLN Energy IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
सीएलएन एनर्जी का ₹72.30 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 23-26 जनवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 5.42 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.07 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 8.6 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 6.55 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 28.92 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी मशीनरी और इक्विपमेंट की खरादीरी, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
वर्ष 2019 में बनी सीएलएन एनर्जी कस्टमाइज्ड लीथियम-ऑयन बैट्रीज और मोटर्स बनाती है। इसके अलावा यह ईवी के लिए कंट्रोलर्स, थ्रोटल्स, डीसी-डीसी कंवर्टर्स, डिस्प्लेज और डिफरेंशियल्स भी बनाती है। इसके दो मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज हैं- एक यूपी के नोएडा में और दूसरा महाराष्ट्र के पुणे में। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2022 में इसे 3.64 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में गिरकर 73 लाख रुपये पर आ गया। हालांकि फिर अगले ही वित्त वर्ष 2024 में स्थिति सुधरी और इसे 9.79 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 4 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 132.86 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2024 में इसे 4.64 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 75.84 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।