Coal India shares: सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (Coal India Ltd) के शेयरों में हाल में काफी हलचल देखने को मिला है। इसके पीछे सरकार की ओर से कोल इंडिया के शेयरों की संख्या बढ़ाना और ई-नीलामी की कीमतों में गिरावट मुख्य कारण रहा है। ब्रोकरेज और रिसर्च फर्म नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज (Nuvama Institutional Equities) ने एक रिपोर्ट में यह कहा है। नुवामा ने कोल इंडिया के लिए टारगेट प्रााइस को 365 रुपये से घटाकर 361 रुपये कर दिया है। बता दें कि सरकार ने हाल ही में एक ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के जरिए कोल इंडिया में अपनी 3 फीसदी हिस्सेदारी बेची थी, जिससे कंपनी के ट्रेड के लिए उपलब्ध शेयरों की संख्या बढ़ी है।
बुधवार दोपहर 2 बजे के करीब कोल इंडिया का शेयर बीएसई पर 227.55 रुपये के भाव पर सपाट कारोबार कर रहा था। इस कीमत से देखें तो, नुवामा का टारगेट प्राइस कोल इंडिया के शेयरों में मौजूदा स्तर से करीब 60 फीसदी की तेजी की संभावना जताता है।
कोल इंडिया के शेयरों में पिछले एक महीने में 4.51 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं इस साल की शुरुआत से अबतक उनका शेयर करीब 1.20 प्रतिशत बढ़ा है। पिछले एक साल में यह शेयर 23 फीसदी चढ़ा है।
ई-नीलामी के तहत वॉल्यूम बढ़ने और ग्लोबल लेवल पर कोयले की कीमतों में गिरावट आने से जून 2023 के मध्य में औसत ई-नीलामी प्रीमियम घटकर 55 प्रतिशत पर आ गया, जो अप्रैल 2023 में 137 प्रतिशत था। हालांकि ब्रोकरेज का मानना है कि ई-नीलामी कीमतों में और गिरावट की संभावना कम है क्योंकि कोल इंडिया की कीमतें अभी भी ग्लोबल कीमतों से कम हैं।
नुवामा ने कहा, "ई-नीलामी कीमतों में, हमने वित्त वर्ष 2024 के लिए कोल इंडिया के अनुमानित EBITDA में 6 फीसदी की कमी की है। हालांकि वित्त वर्ष 2025 के अनुमानों को उसी स्तर पर बनाए रखा है। इसके चलते हमने इसके टारगेट प्राइस को घटा कर 361 रुपये कर दिया है और इस पर 'BUY (खरीदें) की रेटिंग बरकरार रखी है।"
इसके अलावा एनालिस्ट्स का यह भी मानना है कि कोल इंडिया को वित्त वर्ष 2024 और वित्त वर्ष 25 में प्रति शेयर कम से कम 20 रुपये के डिविडेंड का भुगतान करना जारी रखना चाहिए। यह करीब 9% का शानदार डिविडेंड यील्ड है, जो निवेशकों को अतिरिक्त लाभ देगा।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।