कोचीन शिपयार्ड (Cochin Shipyard) के शेयरों में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी कि आज 20 मार्च को जोरदार उछाल देखने को मिला है। इसमें 6.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसकी वजह ये है कि कंपनी को रॉटरडैम बेस्ड सैमस्किप ग्रुप (Rotterdam-based Samskip Group) से दो शून्य-उत्सर्जन फीडर कंटेनर जहाजों के लिए 550 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। इस खबर के चलते स्टॉक में तेजी आई है। जिसकी वजह से आज सुबह 9:47 बजे बीएसई पर कंपनी का शेयर 5 प्रतिशत बढ़कर 466.5 रुपये पर कारोबार करता नजर आया। कंपनी को NAVSHUTLE 1 AS और NAVSHUTLE 2 AS, Lysaker नॉर्वे से ऑर्डर मिला है।
कोचीन शिपयार्ड ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि यह ऑर्डर दो जीरो एमिशन फीडर कंटेनर वेसल्स के डिजाइन और निर्माण के लिए मिला है। इसके साथ ही इसके बाद कंपनी को दो और जहाजों के ऑर्डर मिल सकते हैं।
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा है कि पहला पोत 28 महीने में और दूसरा 34 महीने के भीतर पूरा करके दिया जाना है।
Cochin Shipyard ने कहा कि ये जहाज 45 फिट ऊंचे और 365 फिट लंबे क्यूब कंटेनर ढो सकते हैं। इनका उपयोग यूरोपीय बाजारों में सेवा उपलब्ध कराने के लिए किया जायेगा। यहां पर ट्रांसपोर्टेशन सॉल्यूशंस की मांग ज्यादा है।
विश्लेषकों का मानना है कि ऑर्डर बुक में अधिकांश बड़े कॉन्ट्रैक्ट्स वित्त वर्ष 24 से सार्थक रूप से निष्पादित होते हुए दिख सकते हैं। भारतीय नौसेना और अन्य अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों से अगले दो से तीन वर्षों में आने वाले ऑर्डर और प्रोजेक्ट्स की एक मजबूत पाइपलाइन नजर आ रही है। इसकी वजह से सरकारी कंपनी के स्टॉक को और ऊपर चढ़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पिछले तीन महीनों में शेयर 25 प्रतिशत गिर गया है। जबकि पिछले तीन वर्षों में इस स्टॉक में 73 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिला है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)