Colgate-Palmolive India में दिख सकती है 24% तक तेजी, नोमुरा ने बढ़ाई रेटिंग; जेफरीज ने दी खरीदने की सलाह

Colgate-Palmolive India Share Price: कंपनी के तिमाही नतीजे जारी होने के बाद ब्रोकरेज का रुख सामने आया है। कंपनी का मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर मामूली तौर पर घटकर 353.32 करोड़ रुपये रहा

अपडेटेड May 25, 2026 पर 4:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Colgate Palmolive (India) के शेयर को कवर करने वाले 31 एनालिस्ट्स में से 8 ने इसे 'बाय' रेटिंग दी है।

टूथपेस्ट समेत रोजमर्रा की जरूरत का सामान बनाने वाली कोलगेट पामोलिव (इंडिया) के शेयरों में आगे लगभग 20 प्रतिशत तक उछाल की गुंजाइश है। ऐसी उम्मीद ब्रोकरेज फर्म नोमुरा और जेफरीज के नए टारगेट प्राइस से मिली है। नोमुरा ने स्टॉक की रेटिंग 'रिड्यूस' से अपग्रेड कर 'बाय' कर दी है। टारगेट प्राइस भी पहले के ₹2,050 से बढ़ाकर ₹2,500 प्रति शेयर कर दिया है। यह क्लोजिंग प्राइस से 19 प्रतिशत ज्यादा है। जेफरीज ने स्टॉक को "बाय" रेटिंग दी है और प्राइस टारगेट ₹2,600 प्रति शेयर तय किया है, जो कि क्लोजिंग से 24 प्रतिशत ज्यादा है।

कंपनी के तिमाही नतीजे जारी होने के बाद ब्रोकरेज का रुख सामने आया है। Colgate Palmolive (India) के शेयर को कवर करने वाले 31 एनालिस्ट्स में से 8 ने इसे 'बाय' रेटिंग दी है। 12 ने 'होल्ड' और 11 ने 'सेल' रेटिंग दी है।

कंपनी का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर मामूली तौर पर घटकर 353.32 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले मुनाफा 355 करोड़ रुपये था। बिक्री 9 प्रतिशत बढ़कर 1,582.77 करोड़ रुपये हो गई। मार्च 2025 तिमाही में यह 1,452.02 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी का शुद्ध मुनाफा 7.7 प्रतिशत घटकर 1,325.31 करोड़ रुपये रहा। कुल कंसोलिडेटेड इनकम मामूली रूप से घटकर 6,124.16 करोड़ रुपये रही।


नोमुरा के तर्क

ब्रोकरेज का मानना है कि कोलगेट का मुख्य कारोबार अब सामान्य स्तर पर लौट रहा है। कंपनी अपनी ग्रोथ और मार्जिन को बढ़ाने के लिए प्रीमियम प्रोडक्ट्स पर ज्यादा जोर दे रही है। कोलगेट की कमाई में बढ़ोतरी की रफ्तार वित्त वर्ष 2026 में स्थिर रही थी। नोमुरा का मानना है कि अब वित्त वर्ष 2027 में यह बेहतर होगी और डबल डिजिट में रहेगी। इसकी मुख्य वजह वॉल्यूम ग्रोथ में सुधार होना चाहिए। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी की वॉल्यूम ग्रोथ में 4.5% का उछाल देखने को मिला। नोमुरा को वॉल्यूम में किसी तरह की गिरावट की आशंका नहीं है।

जेफरीज का क्या है कहना

ब्रोकरेज ने कहा कि कोलगेट के मुख्य उत्पादों के ग्राहक हमेशा उसके साथ बने रहते हैं। लेकिन कंपनी की कमाई में बढ़ोतरी काफी उतार-चढ़ाव वाली रही है। जेफरीज के मुताबिक, कंपनी की प्रेजेंटेशन में ओरल केयर (मुंह की देखभाल) पर तो काफी जोर दिया गया, लेकिन अन्य विषयों पर ज्यादा बात नहीं की गई। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 में कंपनी की EPS (प्रति शेयर कमाई) डबल डिजिट तक पहुंच जाएगी।

HSBC, कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज और Citi की रेटिंग

HSBC ने कोलगेट के शेयर के लिए 'होल्ड' रेटिंग दी है। प्राइस टारगेट ₹2,150 प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी की मार्च 2026 तिमाही की बिक्री 9% बढ़ी, जो अनुमान से 4% ज्यादा है। कंपनी ने अपने प्रीमियम पोर्टफोलियो पर सकारात्मक असर देखा। प्रीमियम उत्पादों पर जोर देना ही लंबे समय तक विकास का मुख्य जरिया बना रहेगा। HSBC ने वित्त वर्ष 2027 के लिए कंपनी के EBITDA अनुमानों को 1% बढ़ा दिया है।

कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने कोलगेट के शेयर के लिए 'रिड्यूस' रेटिंग दी है। टारगेट प्राइस 2,025 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी की आय में 9% की वृद्धि इसके प्रतिस्पर्धियों से बेहतर है। सिटी ने शेयर के लिए 'सेल' रेटिंग दी है। टारगेट प्राइस 2,050 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी की चौथी तिमाही का प्रदर्शन और मैनेजमेंट के कमेंट इस बात का संकेत देते हैं कि विकास की गति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। मार्जिन पर आगे चलकर दबाव बढ़ सकता है। इसका मुख्य कारण विज्ञापन पर बढ़ता खर्च, GST से जुड़ी चुनौतियां और बाजार में लगातार बनी रहने वाली कड़ी प्रतिस्पर्धा है।

Colgate Palmolive का शेयर 3 प्रतिशत तक लुढ़का

शेयर में 25 मई को गिरावट है। BSE पर यह लगभग 3 प्रतिशत टूटकर 2095.80 रुपये पर बंद हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 57000 करोड़ रुपये है। शेयर एक साल में 15 प्रतिशत नीचे आया है। कोलगेट के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 24 रुपये प्रति शेयर का दूसरा अंतरिम डिविडेंड देने की घोषणा की है। रिकॉर्ड डेट 1 जून 2026 है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। डिविडेंड का पेमेंट 17 जून को या इस तारीख से होगा।

Central Bank of India OFS: रिटेल इनवेस्टर आज 25 मई को लगा सकेंगे बोली, क्या और लुढ़केगा शेयर?

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।