Q2 Results: टूथपेस्ट, टूथब्रश और ओरल केयर प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी Colgate-Palmolive India ने गुरुवार, 22 अक्टूबर को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। इस दौरान नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 4.1% बढ़कर ₹341.5 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को ₹328 करोड़ का मुनाफा हुआ था।
रेवेन्यू बढ़ा, लेकिन अनुमान से कम रहा मुनाफा
कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 12.2% बढ़कर ₹1,705.7 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह ₹1,520 करोड़ था। हालांकि, कंपनी के नतीजे बाजार के अनुमान से कमजोर रहे। CNBC-TV18 के पोल में नेट प्रॉफिट ₹367 करोड़ और रेवेन्यू ₹1,734 करोड़ रहने का अनुमान था।
EBITDA मार्जिन में गिरावट
कोलगेट-पामोलिव का EBITDA सालाना आधार पर 1.9% बढ़कर ₹474 करोड़ रहा। पिछले साल यह ₹465 करोड़ था। हालांकि, EBITDA मार्जिन घटकर 28% रह गया। एक साल पहले यह 31% था। बाजार को EBITDA ₹518 करोड़ और मार्जिन 30% रहने की उम्मीद थी।
कंपनी ने लगातार दूसरी तिमाही में घरेलू बिक्री में दो अंकों की ग्रोथ दर्ज की। नेट सेल्स 12.2% बढ़कर ₹1,692 करोड़ हो गई। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹1,507 करोड़ थी।
हर शेयर पर ₹24 का डिविडेंड
कोलगेट-पामोलिव के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹24 प्रति शेयर के पहले अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है। हर शेयर की फेस वैल्यू ₹1 है। डिविडेंड का भुगतान 19 नवंबर 2026 से किया जाएगा। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 2 नवंबर 2026 तय की गई है।
कंपनी ने रागिनी गजारिया को 22 अक्टूबर से इंटरनल ऑडिटर नियुक्त किया है। वहीं, मार्केटिंग के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट गुंजित जैन 30 नवंबर को पद छोड़ देंगे। उनकी जगह आकाश पारेख 1 दिसंबर से जिम्मेदारी संभालेंगे।
कंपनी के मुताबिक, प्रीमियम टूथपेस्ट और Colgate MaxFresh की बिक्री से ग्रोथ को सहारा मिला। इस दौरान कंपनी ने विज्ञापन और ब्रांडिंग पर भी निवेश बढ़ाया।
तिमाही नतीजों के ऐलान से पहले Colgate-Palmolive का शेयर 2.03% की गिरावट के साथ ₹1,685 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 20.46% गिरा है। वहीं, 1 साल में इसने 26.32% का नेगेटिव रिटर्न दिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।