देश की टॉप-10 कंपनियों में से 9 का मार्केट कैप (Market Capitalisation or m-cap) पिछले सप्ताह कुल मिलाकर 1,30,391.96 करोड़ रुपये बढ़ गया। भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के मार्केट कैप में सर्वाधिक बढ़त रही। बीते सप्ताह बीएसई में तेजी का माहौल रहा और सेंसेक्स 1,511.15 अंक यानी 2.29 प्रतिशत उछल गया। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) को छोड़कर देश की अन्य 9 टॉप कंपनियों के मार्केट कैप में वृद्धि देखी गई। टेलिकॉम कंपनी भारती एयरटेल का मार्केट कैप 23,746.04 करोड़ रुपये बढ़कर 5,70,466.88 करोड़ रुपये हो गया। वहीं आईटी कंपनी TCS का m-cap 19,027.07 करोड़ रुपये बढ़कर 12,84,180.67 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
