Crompton-Butterfly merger:क्रॉम्पटन ग्रीव्स कंज्यूमर के प्रबंधन ने 27 मार्च को हुई इन्वेस्टर्स कॉनकॉल में कहा है कि आय और लागत में तालमेल बैठाने, नए प्रोडक्ट विकसित करने और बाजार रणनीति को मजबूती देने के लिए क्रॉम्पटन ग्रीव्स कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स और बटरफ्लाई गांधीमथी ने विलय करने का फैसला लिया है। हालांकि कंपनी प्रबंधन ये भी कहा है कि कंपनी के मुनाफे पर इस विलय को तुरंत कोई प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा। लेकिन लंबी अवधि में ये विलय काफी फायदेमंद साबित होगा।
प्रबंधन को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही तक इस विलय के लिए नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) की अनिवार्य मंजूरी मिल जाएगी, जिसके बाद क्रॉम्पटन के अतिरिक्त शेयर एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे और इनमें ट्रेडिंग हो सकेगी। एनालिस्टों के मुताबिक कंपनी के शेयरों के ईपीएस पर इस विलय का पॉजिटिव असर वित्त वर्ष 2025 में दिखाई देगा।
गांधीमती बटर फ्लाई के प्रति 5 शेयर के बदले क्रांम्पटन ग्रीव्स के 22 इक्विटी शेयर मिलेंगे
इस विलय के लिए निर्धारित योजना के तहत गांधीमती बटर फ्लाई के शेयर धारकों को उनके प्रति 5 शेयर के बदले क्रांम्पटन ग्रीव्स के 22 इक्विटी शेयर मिलेंगे। इस शेयर बदला अनुपात के आधार पर देखें तो बटर फ्लाई गांधीमती की वैल्यू 2300 करोड़ रुपये होती हैजो कि पिछले साल फरवरी में अधिग्रहण के समय किए गए कंपनी के 2500 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन से कम है।
बटर फ्लाई गांधीमती में क्रॉम्प्टन की 75 फीसदी हिस्सेदारी
27 मार्च को बटर फ्लाई गांधी मती के शेयर शुरुआती कारोबार में 5 फीसदी टूटकर 1201 रुपये के आसपास नजर आ रहे थे। जबकि क्रॉम्प्टन के शेयर सपाट चाल के साथ 293 रुपये के आसपास कारोबार कर रहे हैं। वर्तमान में बटर फ्लाई गांधीमती में क्रॉम्प्टन की 75 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि नियर टर्म में उसका फोकस उत्तरी और पश्चिमी भारत में बटर फ्लाई के कारोबार के विस्तार करने पर होगा। वर्तमान में बटर फ्लाई के रेवेन्यू के 80 फीसदी से ज्यादा भाग दक्षिण भारत से आता है। जबकि बकाया गैर दक्षिण भारत से आता है।
विलय पर जानकारों की राय
CLSA का कहना है कि इस विलय से कंपनी के मार्केट शेयर और मार्जिन दोनों में सुधार देखने को मिलेगा। सीएलएसए ने इस स्टॉक पर आउट परफॉर्म रेटिंग बने रखते हुए इसके लिए 350 रुपये का लक्ष्य दिया है। इसी तरह नोमुरा रिसर्च के अभिलाष पगारिया का कहना है कि इस विलय से कंपनी को फायदा होगा। उन्होंने इस स्टॉक को बाई रेटिंग दी है। इसके लिए 377 रुपये का टारगेट दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।