26% गिरावट के बाद भी नहीं थम रही इस स्टॉक की मुश्किलें! क्या और 18% टूटेगा भाव या खरीदारी का है मौका?

Q2 में मुनाफा 27% घटने और मार्जिन सिकुड़ने के बाद Cummins India पर ब्रोकरेज की नजर बदल गई है। UBS ने बेचने की सलाह दी है, जबकि HSBC और JPMorgan ने भी टारगेट घटाए हैं। जानिए गिरावट के पीछे की पूरी वजह

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 3:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पिछले 3 महीने में 25.65% गिर चुका Cummins India का शेयर मंगलवार को करीब 4% और टूटा।

पिछले 3 महीने में लगभग 26% टूट चुके Cummins India के शेयर पर दबाव अभी कम होता नहीं दिख रहा। मंगलवार को शेयर करीब 4% और फिसल गया और निफ्टी 100 इंडेक्स का टॉप लूजर रहा। कमजोर Q2 नतीजों के बाद ब्रोकरेज फर्मों ने इसके टारगेट घटा दिए हैं। UBS ने तो Sell रेटिंग के साथ 3320 रुपये का टारगेट दिया है, जो मंगलवार दोपहर के 4069 रुपये के भाव से भी 18.41% नीचे है।

एक महीने में 12.58% की गिरावट

मंगलवार दोपहर के कारोबार में Cummins India का शेयर 3.9% नीचे 4069 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। कंपनी का मार्केट कैप करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये रहा। पीछे मुड़कर देखें तो गिरावट का सिलसिला लंबा है। पिछले एक महीने में शेयर 12.58% टूटा है। 3 महीने में ये गिरावट 25.65% और 6 महीने में 24.81% है। यानी शेयर की कीमत का एक चौथाई से ज्यादा हिस्सा पिछले 3 महीनों में ही निकल गया। इस साल की बात करें तो 2026 में अब तक शेयर 9% नीचे आ चुका है। इसी दौरान निफ्टी 50 में सिर्फ 2.6% की गिरावट आई है।


UBS ने क्यों दी बेचने की सलाह?

गिरावट के सबसे साफ संकेत UBS की रिपोर्ट में हैं। ब्रोकरेज ने Sell रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट घटाकर 3320 रुपये कर दिया है। UBS के मुताबिक ये सोमवार के बंद भाव से करीब 22% नीचे है। मंगलवार की गिरावट के बाद भी इस टारगेट तक पहुंचने के लिए शेयर को 4069 रुपये के भाव से 18.41% और गिरना पड़ेगा।

UBS की पहली चिंता मार्जिन है। ब्रोकरेज के मुताबिक दूसरी तिमाही का मार्जिन उसके अनुमान और बाजार की उम्मीद, दोनों से काफी नीचे रहा।

दूसरी चिंता आगे की ग्रोथ को लेकर है। UBS का मानना है कि FY26 कंपनी के लिए मजबूत साल था, जब डेटा सेंटर से आए रेवेन्यू और ऑपरेटिंग लीवरेज ने प्रदर्शन को सहारा दिया। अब FY27 कंसॉलिडेशन का साल रह सकता है। मतलब तेज दौड़ के बाद रफ्तार थमने का दौर।

तीसरी चिंता कॉम्पिटिशन की है। UBS ने आगाह किया है कि डेटा सेंटर और मेनस्ट्रीम जनरेटर बाजार में बढ़ता कॉम्पिटिशन कंपनी की प्राइसिंग पावर और मार्जिन रिकवरी पर रोक लगा सकता है। ज्यादा kVA की जरूरत और इंपोर्टेड कंटेंट बढ़ने से भी ग्रोथ की गुंजाइश सीमित हो सकती है।

Q2 में मुनाफा 27% घटा

ब्रोकरेज की इस चिंता की जड़ Q2 FY27 के नतीजे हैं। कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 27% घटकर 467 करोड़ रुपये पर आ गया। रेवेन्यू 4% की मामूली बढ़त के साथ 3301 करोड़ रुपये रहा।

सबसे बड़ी मार मार्जिन पर पड़ी। EBITDA मार्जिन 658 बेसिस पॉइंट गिरकर 15.3% रह गया। मतलब हर 100 रुपये की कमाई पर ऑपरेटिंग मुनाफा पिछले साल के मुकाबले 6.58 रुपये कम बचा। इसकी वजह कमोडिटी और फ्रेट की बढ़ी लागत, कमजोर कॉस्ट एब्जॉर्प्शन और रेवेन्यू की सुस्त ग्रोथ रही।

मैनेजमेंट ने भी जल्द राहत की उम्मीद नहीं जगाई। मैनेजिंग डायरेक्टर ग्बिले अडेवुन्मी ने सोमवार को नतीजों के बाद हुई कॉन्फ्रेंस कॉल में एनालिस्ट्स से कहा कि ग्लोबल अनिश्चितताओं के बीच कमोडिटी और महंगाई का दबाव निकट भविष्य में बना रह सकता है।

JPMorgan ने भी घटाया टारगेट

हर ब्रोकरेज UBS जितना निगेटिव नहीं है। कंपनी के लॉन्ग टर्म भविष्य को लेकर एनालिस्ट्स की राय बंटी हुई है।

JPMorgan ने Neutral रेटिंग बनाए रखते हुए टारगेट घटाकर 5000 रुपये कर दिया है, जो 4069 रुपये के भाव से 22.88% ऊपर है। ब्रोकरेज ने टारगेट घटाने की वजह घरेलू रेवेन्यू की कमजोरी और मार्जिन में तेज गिरावट बताई। उसके मुताबिक कमोडिटी और फ्रेट की महंगाई ने मुनाफे पर असर डाला। साथ ही हाल में बढ़ाए गए दाम अभी रेवेन्यू में पूरी तरह नहीं दिखे हैं।

डिमांड को लेकर JPMorgan की राय अच्छी है। उसके मुताबिक डेटा सेंटर से जुड़ी इंक्वायरी मजबूत हैं और डेटा सेंटर के अलावा पावर जनरेशन और डिस्ट्रीब्यूशन का कारोबार भी बढ़ रहा है। मैनेजमेंट का डिमांड आउटलुक भी उत्साह बढ़ाने वाला है।

HSBC अब भी Buy पर कायम

तीनों ब्रोकरेज में सबसे ज्यादा भरोसा HSBC को है। उसने Buy रेटिंग बरकरार रखी है, पर टारगेट घटाकर 5300 रुपये कर दिया है। ये सोमवार के बंद भाव से करीब 25% ऊपर है।

HSBC ने कमजोर रेवेन्यू ग्रोथ की वजह डेटा सेंटर से घटे रेवेन्यू और इंडस्ट्रियल ऑर्डर्स के एग्जीक्यूशन के टलने को बताया। कम कॉस्ट एब्जॉर्प्शन ने भी मुनाफे को दबाया।

फिर भी ब्रोकरेज मानता है कि पावर जनरेशन और डिस्ट्रीब्यूशन में असली डिमांड बरकरार है और मार्जिन धीरे-धीरे पटरी पर लौटेगा। HSBC ने टारगेट इसलिए घटाया क्योंकि कंपनी इस वक्त के मुनाफे से ज्यादा लॉन्ग टर्म ग्रोथ पर ध्यान दे रही है।

Stocks to Sell: मोतीलाल ओसवाल ने किया सावधान! ₹42 रुपये नीचे गिर सकता है स्मॉलकैप स्टॉक

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।