दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी की कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयरों में 5 अक्टूबर को दिन में 6 प्रतिशत तक की गिरावट दिखाई दी। BSE पर शेयर 3,574.40 रुपये के लो तक गया। जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का बिजनेस अच्छा रहने के बावजूद शेयर में बिकवाली का दबाव है। कंपनी D-Mart सुपरमार्केट चेन की ओनर है। शनिवार को इसने शेयर बाजारों को बताया कि सितंबर 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 18.4 प्रतिशत बढ़कर 19,206.18 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 16,218.79 करोड़ रुपये था।
एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, तिमाही आधार पर कंपनी का रेवेन्यू सितंबर 2026 तिमाही में 4.7 प्रतिशत बढ़ा। जून तिमाही में यह 18,343.49 करोड़ रुपये था। एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने यह भी बताया कि 30 सितंबर 2026 तक इसके D-Mart स्टोर्स की कुल संख्या 518 थी। इस आंकड़े में महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित सानपाड़ा का स्टोर भी शामिल है। यह स्टोर रीकंस्ट्रक्शन के कारण फिलहाल ग्राहकों के लिए बंद है।
D-Mart के स्टोर महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR), तमिलनाडु, पंजाब और राजस्थान में हैं। इन स्टोर्स में रोजमर्रा के घरेलू सामान और व्यक्तिगत इस्तेमाल के प्रोडक्ट्स समेत कई तरह के सामान मिलते हैं।
Avenue Supermarts का शेयर 6 महीनों में 17 प्रतिशत कमजोर
एवेन्यू सुपरमार्ट्स का मार्केट कैप 2.35 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 3 महीनों में 9 प्रतिशत और 6 महीनों में 17 प्रतिशत गिरा है। 2 साल में 24 प्रतिशत नीचे आया है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 4,642 रुपये और एडजस्टेड लो 3,528.65 रुपये है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 74.48 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
D-Mart के शेयर को ट्रैक करने वाले 32 एनालिस्ट्स में से 10 ने 'बाय' रेटिंग दी है। 13 ने 'होल्ड' और 9 ने 'सेल' की सलाह दी है। ब्रोकरेज फर्म CLSA ने एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर के लिए 5,723 रुपये के प्राइस टारगेट के साथ 'हाई कन्विक्शन आउटपरफॉर्म' रेटिंग दी है। बर्नस्टीन ने 5,000 रुपये के प्राइस टारगेट के साथ 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने कहा कि निवेशक आगे चलकर बिल-कट ग्रोथ और कंपनी के ग्रॉस मार्जिन प्रोफाइल पर नजर रखेंगे। यह भी उम्मीद जताई कि कंपनी FY27 में भी FY26 जैसी ही स्टोर खोलने की रफ्तार बरकरार रखेगी और सितंबर 2026 तिमाही के मार्जिन उम्मीद से बेहतर होंगे।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।