मुनाफा और रेवेन्यू आधे से ज्यादा घटा, फिर भी शेयरों में आई तूफानी तेजी, जानिए डिफेंस कंपनी पर क्यों मेहरबान हैं निवेशक

Data Patterns का Q2 में मुनाफा और रेवेन्यू आधे से ज्यादा घटे, लेकिन शेयर 4,040 रुपये तक उछला। मजबूत ऑर्डर बुक, अच्छी पाइपलाइन और बिना बदलाव वाली FY27 गाइडेंस ने निवेशकों को भरोसा दिया

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 3:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
डिफेंस कंपनी Data Patterns (India) का Q2 FY27 मुनाफा 55.6% घटा, फिर भी शेयर करीब 9% चढ़ गया।

नतीजे कमजोर, फिर भी शेयर में जोरदार खरीदारी। डिफेंस सेक्टर की कंपनी Data Patterns (India) के शेयरों में सोमवार, 9 नवंबर को कुछ ऐसा ही नजारा दिखा। सितंबर तिमाही में मुनाफा और रेवेन्यू आधे से ज्यादा घटने के बावजूद शेयर करीब 9% उछल गया। बाजार ने पिछली तिमाही के आंकड़ों से ज्यादा मैनेजमेंट की आगे की बातों पर भरोसा दिखाया। कंपनी ने मजबूत ऑर्डर बुक, अच्छे ऑर्डर इनफ्लो और दमदार पाइपलाइन के दम पर पूरे साल का लक्ष्य हासिल करने का भरोसा जताया है।

4,000 रुपये के पार पहुंचा शेयर

कंपनी ने शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे। सोमवार को BSE पर शेयर 3,674.95 रुपये पर खुला और देखते ही देखते 9% की छलांग लगाकर 4,040 रुपये के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया। दोपहर करीब 2:52 बजे शेयर 8.70% की बढ़त के साथ 4,024 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।


मुनाफा और रेवेन्यू आधे से ज्यादा घटे

Q2 FY27 में Data Patterns का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 55.6% गिरकर 21.82 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की इसी तिमाही में ये 49.19 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू में भी तेज गिरावट आई। ये 56.7% घटकर 133 करोड़ रुपये पर आ गया, जो Q2 FY26 में 307 करोड़ रुपये था।

EBITDA भी 54.3% घटकर 31.13 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 68.06 करोड़ रुपये था। लेकिन इस गिरावट के बीच एक अच्छी बात भी रही। बिक्री घटने के बावजूद कंपनी का EBITDA मार्जिन 124 बेसिस प्वाइंट सुधरकर 23.41% पर पहुंच गया, जो पिछले साल 22.17% था। यानी कारोबार छोटा रहा, पर हर 100 रुपये की कमाई पर बचत थोड़ी बढ़ी।

पहली छमाही की तस्वीर

30 सितंबर 2026 को खत्म हुई पहली छमाही में कंपनी का कुल रेवेन्यू 264.78 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि में 423.28 करोड़ रुपये था। यानी इसमें 37.4% की कमी आई। छमाही का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स 44.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल ये 74.69 करोड़ रुपये था। हालांकि छमाही का EBITDA मार्जिन 24.7% से बढ़कर 25.2% हो गया।

कमजोर तिमाही पर क्या बोला मैनेजमेंट

कंपनी ने कमजोर तिमाही की वजह भी साफ की। उसके मुताबिक ये गिरावट पिछले साल की उस तिमाही के बाद आई है, जब एग्जीक्यूशन असाधारण रूप से मजबूत रहा था। यानी तुलना का आधार ही काफी ऊंचा था।

Data Patterns (India) Limited के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीनिवासगोपालन रंगराजन ने कहा, "रेवेन्यू के लिहाज से Q2FY27 एक फीकी तिमाही रही, जो Q2FY26 के असाधारण रूप से मजबूत एग्जीक्यूशन के बाद आई। कई प्रोग्राम्स के माइलस्टोन आगे बढ़ रहे हैं और डिलीवरी में तेजी आने की उम्मीद है, ऐसे में हमारी मजबूत ऑर्डर बुक और एग्जीक्यूशन की रफ्तार के सहारे हमें उम्मीद है कि H2FY27, H1FY27 से ज्यादा मजबूत रहेगा।"

FY27 गाइडेंस में कोई बदलाव नहीं

शेयर में तेजी की असली चाबी मैनेजमेंट का यही भरोसा रहा। रंगराजन ने कहा, "आगे की बात करें तो हम अपने बिजनेस आउटलुक को लेकर भरोसे में हैं। मजबूत ऑर्डर इनफ्लो, अच्छी पाइपलाइन और एग्जीक्यूशन में लगातार प्रगति हमें साल के बाकी हिस्से के लिए अच्छी स्थिति में रखती है। हम पूरे साल के अपने लक्ष्य हासिल करने की राह पर हैं और हमारी FY27 गाइडेंस में कोई बदलाव नहीं है।"

ST Advanced Composites का अधिग्रहण

तिमाही बयान में कंपनी ने एक अधिग्रहण की जानकारी भी दी। Data Patterns ने ST Advanced Composites Pvt Ltd (STAC) में 100% हिस्सेदारी खरीद ली है, जो 17 सितंबर 2026 से प्रभावी है। बोर्ड की मंजूरी के बाद ये सौदा 1.50 करोड़ रुपये में पूरा हुआ।

साल भर में 53% की दौड़, हाल में दबाव

लंबी अवधि में शेयर ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है। इस साल अब तक शेयर 53.09% चढ़ चुका है, जबकि पिछले एक साल में इसमें 52.31% की तेजी आई है। हालांकि हाल के समय में शेयर दबाव में था। पिछले एक महीने में ये 2.49% और छह महीने में 2.90% गिरा है। सोमवार की तेजी ने इस हालिया सुस्ती को काफी हद तक तोड़ दिया।

भारतीय शेयर बाजार में होगी MakeMyTrip की एंट्री! SEBI से मिली मंजूरी, जानिए IPO से जुड़ी 5 बड़ी बातें

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।