Deepak Fertilisers का शेयर तिमाही नतीजों के बाद पिछले एक हफ्ते से बना रॉकेट, छुआ 52-हफ्तों का नया हाई

Deepak Fertilisers का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट जून तिमाही में 233.5 फीसदी बढ़कर 435.66 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 130.63 करोड़ रुपये था।

अपडेटेड Aug 04, 2022 पर 2:48 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दीपक फर्टिलाइजर्स के शेयर पिछले एक हफ्ते में 23 फीसदी से अधिक चढ़ चुके हैं

दीपक फर्टिलाइजर्स (Deepak Fertilisers) के शेयरों में जून तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद से लगातार तेजी देखी जा रही है। NSE पर गुरुवार 4 अगस्त को दिन के कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 4 फीसदी से भी अधिक की उछाल के साथ 839.60 रुपये पर पहुंच गए, जो पिछले 52-हफ्तों का इसका नया उच्चतम स्तर है।

Deepak Fertilisers ने पिछले हफ्ते 29 जुलाई को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी जून तिमाही के नतीजे जारी किए थे। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 233.5 फीसदी बढ़कर 435.66 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 130.63 करोड़ रुपये था।

कंपनी का रेवेन्यू भी जून तिमाही में सालाना आधार पर 59.4% बढ़कर 3,031.07 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,902.10 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बताया कि केमिकल सेगमेंट की ग्रोथ से उसे जून तिमाही में अपनी आमदनी बढ़ाने में मदद मिली।


यह भी पढ़ें- Zomato : Tiger Global ने जोमैटो में घटाई आधी हिस्सेदारी, एक हफ्ते में बेचे 18 करोड़ शेयर

दीपक फर्टिलाइजर्स का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) जून तिमाही में 155.17 फीसदी बढ़कर 740 करोज़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 290 करोड़ रुपये था। कंपनी का EBITDA मार्जिन बेहतर होकर जून तिमाही में 24.3 फीसदी हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 15.2 फीसदी था।

दीपक फर्टिलाइजर्स ने शुक्रवार 29 जुलाई को अपने नतीजे जारी किए थे और उसी दिन कंपनी के शेयर 5 फीसदी के अपर सर्किट में लॉक होकर 709.65 रुपये पहुंच गए। इस कारोबारी हफ्ते के पहले दो दिनों (सोमवार और मंगलवार) को भी कंपनी के शेयरों में 5 फीसदी का अपर सर्किट लगते हुए देखा गया।

जून तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद दीपक फर्टिलाइजर्स के शेयर सिर्फ पिछले एक हफ्ते में 23 फीसदी से अधिक चढ़ चुके हैं। वहीं पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 36.47% फीसदी की तेजी आई है। इस तेजी के साथ ही दीपक फर्टिलाइजर्स साल 2022 के मल्टीबैगर रिटर्न देने वाले शेयरों में शामिल हो गया है और इसने इस साल निवेशकों को 107 फीसदी की कमाई कराई है।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।