Zomato Share : हेज फंड कंपनी टाइगर ग्लोबल (Tiger Global) ने गुरुवार, 4 अगस्त को कहा कि उसने ऑनलाइन फूड डिलिवरी एग्रीगेटर जोमैटो के 18 करोड़ शेयर बेच दिए हैं। उसने 23 जुलाई तक प्री-आईपीओ इनवेस्टर्स पर लागू एक साल का लॉक इन पीरियड खत्म होने के बाद के एक सप्ताह में ये सौदे किए हैं।
टाइगर ग्लोबल इनवेस्टमेंट व्हीकल इंटरनेट फंड IV की लॉकइन पीरियड से पहले जोमैटो की 5.11 फीसदी हिस्सेदारी थी। अब उसकी हिस्सेदारी घटकर 2.77 फीसदी रह गई है।
टाइगर ग्लोबल ने कब-कब किया था निवेश
टाइगर ग्लोबल ने सबसे पहले सितंबर, 2020 में जोमैटो में निवेश किया था। फूड एग्रीगेटर में डिलिवरी प्लेटफॉर्म ने न्यूयॉर्क बेस्ड हेज फंड कंपनी की अगुआई में हुए एक फंडिंग राउंड के तहत 10.25 करोड़ डॉलर जुटाए थे। फंडरेजिंग के समय जोमैटो का मूल्यांकन 3.4 अरब डॉलर किया गया था।
जोमैटो ने IPO से पहले फरवरी, 2021 में टाइगर ग्लोबल की अगुआई में हुए एक अन्य फंडिंग राउंड के तहत 5.4 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर 25 करोड़ डॉलर जुटाए थे। 3 अगस्त को जोमैटो का मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 5.74 अरब डॉलर था।
हेज फंड कंपनी के पोर्टफोलियो की वैल्यू आधी हुई
टाइगर ग्लोबल ने Zomato में अपनी आंशिक हिस्सेदारी ऐसे दौर में बेची है, जब हेज फंड कंपनी के पोर्टफोलियो की वैल्यू 2022 की शुरुआत से ग्लोबल टेक कंपनियों की वैल्यूएशन में गिरावट के चलते अभी तक खासी घट चुकी है।
फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टेक्नोलॉजी कंपनियों में आक्रामक रूप से निवेश करने वाला टाइगर ग्लोबल फ्लैगशिप फंड साल की पहली छमाही के अंत में 50 फीसदी घट चुका है।
Uber ने बेची 7.8 फीसदी हिस्सेदारी
Zomato में बड़ी हिस्सेदारी रखने वाली Uber Technologies ने हाल में अपनी 7.8% हिस्सेदारी बेच दी है। यह डील कुल 39 करोड़ डॉलर में हुई है। सैनफ्रांसिस्को की कंपनी Uber Tech के पास Zomato की 7.8% हिस्सेदारी यानि करीब 61.22 करोड़ शेयर थे। एक्सचेंज के मुताबिक, शेयरों की बिक्री 50.44 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से हुई थी।
इस डील के साथ ही Uber फूड डिलीवरी मार्केट से पूरी तरह निकल गया। कंपनी ने 2020 में Uber Eats जोमैटो को बेच दी थी। इसके बदले ही कंपनी को Zomato में हिस्सेदारी मिली थी।