डिफेंस कंपनियों के शेयरों में आज 18 जून को 6 से 20 फीसदी तक की शानदार रैली देखी गई। इन शेयरों में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, मझगांव डॉक, पारस डिफेंस और कोचीन शिपयार्ड जैसी कंपनियां शामिल हैं। चुनाव नतीजों के बीच आई गिरावट को छोड़ दें तो डिफेंस शेयरों में पिछले कुछ समय से तेजी बनी हुई है। मजबूत विकास संभावनाओं और स्वदेशीकरण पर फोकस के कारण निवेशक इन शेयरों में दांव लगा रहे हैं।
Defence stocks: नई सरकार का फोकस डिफेंस एक्सपोर्ट और आत्मनिर्भरता पर
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आने वाले समय में डिफेंस एक्सपोर्ट बढ़ाने के एजेंडे से इस सेक्टर में ग्रोथ की संभावना जताई जा रही है। दूसरे कार्यकाल में रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालते हुए राजनाथ सिंह ने 2028-2029 तक 50,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के डिफेंस इक्विपमेंट्स के निर्यात का बड़ा लक्ष्य रखा है। रक्षा मंत्री ने डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने और सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण पर सरकार के फोकस को भी दोहराया। इसके चलते डिफेंस कंपनियों के लिए सेंटीमेंट मजबूत हुआ है।
HAL समेत कई शेयरों में जबरदस्त उछाल
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) के शेयरों में आज 6.35 फीसदी की तेजी देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 5530 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। वहीं, इंट्राडे में स्टॉक ने 5565.35 रुपये के अपने 52-वीक हाई को छू लिया। दूसरी ओर, मझगांव डॉक के शेयरों में भी 7.60 फीसदी की शानदार रैली देखी गई और यह 4169 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इसने भी आज 4,219 रुपये के अपने 52-वीक हाई को छू लिया।
पारस डिफेंस के शेयरों में आज 20 फीसदी का अपर सर्किट लगा है। यह स्टॉक BSE पर 1388.70 रुपये के भाव पर बंद हुआ, जो कि इसका 52-वीक हाई है। कोचिन शिपयार्ड के शेयरों में भी आज 10 फीसदी का अपर सर्किट देखने को मिला। यह स्टॉक BSE पर 2333.90 रुपये के भाव पर बंद हुआ, जो कि इसका 52-वीक हाई है।