Defence Stocks to Buy: ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने मंगलवार 10 मार्च को जारी एक रिपोर्ट में डिफेंस सेक्टर की चार कंपनियों पर अपनी “Buy” रेटिंग दोहराई है। इनमें भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL), हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL), भारत डायनेमिक्स (BDL) और एस्ट्रा माइक्रोवेव शामिल हैं। ब्रोकरेज के मुताबिक इन शेयरों में मौजूदा स्तर से करीब 38% तक तेजी की संभावना है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण दुनियाभर में रक्षा खर्च बढ़ने की संभावना है। सभी देश अब अपनी सुरक्षा और सैन्य तैयारियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि भारत का डिफेंस सेक्टर इससे फायदा उठा सकता है। इसकी वजह घरेलू स्तर पर बढ़ती रक्षा खरीद, निर्यात के बढ़ते अवसर और स्वदेशीकरण पर सरकार का बढ़ता जोर है। साथ ही ग्लोबल आर्म्स मार्केट में भारत की साख भी लगातार मजबूत हो रही है।
मोतीलाल ओसवाल ने यह भी कहा कि शॉर्ट-टर्म में सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियों पर नजर रखनी होगी। खासकर स्पेशलाइज्ड कंपोनेंट्स और विदेशों से आयात होने वाले सबसिस्टम की उपलब्धता में दिक्कत आने पर कुछ डिफेंस प्लेटफॉर्म्स के प्रोजेक्ट्स के पूरा होने की समयसीमा प्रभावित हो सकती है। हालांकि, कई डिफेंस कंपनियों के मैनेजमेंट के बयानों से यह संकेत मिलता है कि अगले 15–18 महीनों में बड़े ऑर्डर फाइनल होने की अच्छी संभावना है। कई बड़े प्रोग्राम अभी एडवांस स्टेज में हैं।
इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए ब्रोकरेज ने चार डिफेंस कंपनियों के शेयर खरीदने की सलाह दी है।
1. भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronics)
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए मोतीलाल ओसवाल ने “बाय” रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 520 रुपये तय किया है, जो मौजूदा स्तर से लगभग 14 प्रतिशत की संभावित तेजी का संकेत देता है। कंपनी के सामने निकट अवधि में LCA Mk-1A सिस्टम, शत्रुघात इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम, अगली पीढ़ी के कॉर्वेट्स और QRSAM परियोजनाओं से लगभग 30,000 करोड़ रुपये के ऑर्डर आने की संभावना बताई गई है।
2. हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (Hindustan Aeronautics)
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स के शेयर में मोतीलाल ओसवाल ने सबसे अधिक तेजी की संभावना जताई है। ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस 5,500 रुपये रखा है, जो मौजूदा स्तर से लगभग 38 प्रतिशत तक की संभावित बढ़त दिखाता है। कंपनी जल्द ही तेजस Mk-1A की डिलीवरी शुरू करने वाली है और इसे डोर्नियर-228, ध्रुव-एनजी और ALH Mk-III जैसे महत्वपूर्ण ऑर्डर भी मिल चुके हैं।
3. भारत डायनेमिक्स (Bharat Dynamics)
भारत डायनेमिक्स को भी ब्रोकरेज ने “बाय” रेटिंग दी है। कंपनी अगले 18 महीनों में लगभग 20,000 करोड़ रुपये के ऑर्डर हासिल करने का लक्ष्य रख रही है। कंपनी के पास करीब 50,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की पाइपलाइन है, जिसमें आकाश-एनजी और दूसरे मिसाइल सिस्टम से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए 1,800 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है, जो मौजूदा स्तर से लगभग 35 प्रतिशत की संभावित तेजी का संकेत देता है।
4. एस्ट्रा माइक्रोवेव (Astra Microwave)
मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि एस्ट्रा माइक्रो QRSAM और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर (EW) से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोजेक्ट्स में अच्छी स्थिति में है। लंबी अवधि में इन अवसरों की कुल वैल्यू करीब 25,000 करोड़ रुपये तक हो सकती है। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए 1,150 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। मौजूदा स्तर से इसमें करीब 15% तक बढ़त की संभावना बताई गई है, जो अगले दो साल की अनुमानित कमाई के 38 गुना वैल्यूएशन पर आधारित है
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।