Defence Exports : डिफेंस सेक्टर आज बाजार के फोकस में है। दरअसल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज एलान किया है कि अगले 5 साल में डिफेंस एक्सपोर्ट दोगुने से ज्यादा बढ़ जाएगा। रक्षा मंत्री ने कहा है कि भारत डिफेंस सेक्टर में इंपोर्टर से एक्सपोर्टर बन गया है। अगले 5 साल में भारत 50,000 करोड़ रुपए का डिफेंस एक्सपोर्ट करेगा। आज बंगलुरू में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऐलान किया है कि इस साल डिफेंस कंपनियां 21,000 करोड़ रुपए का एक्सपोर्ट करेंगी। देश डिफेंस प्रोडक्ट के मामले में इंपोर्टर से आत्मनिर्भर और आत्मनिर्भर से एक्सपोर्टर बन गया है।
कहां से डिफेंस एक्सपोर्ट को मिल रही शक्ति
मोदी सरकार हर साल डिफेंस का बजट बढ़ा रही है। वित्त वर्ष 2026 के लिए बजट में 6.81 लाख करोड़ रुपए (9.53% ज्यादा) का आवंटन किया गया है। मोदी सरकार का घरेलू कंपनियों से ज्यादा खरीद पर फोकस है। इसके लिए सरकार ने 1138 डिफेंस आइटम की निगेटिव लिस्ट बनाई है। मोडर्नाइडेशन, R&D पर आवंटन बढ़कर आत्मनिर्भर बनने पर बड़ा फोकस है। भारतीय कंपनियां इस समय 100 से ज्यादा देशों को इक्विपमेंट एक्सपोर्ट कर रही हैं। मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए डेडिकेटेड कॉरिडोर बनाए गए हैं। अब कंपनियों का फोकस UAV, AI और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध पर है।
भारत ने फिलीपींस को BrahMos मिसाइल एक्सपोर्ट करने के लिए करार किया है। इंडोनेशिया के साथ भी BrahMos मिसाइल के एक्सपोर्ट पर बात जारी है। अर्मेनिया को आकाश और पिनाका मिसाइल सिस्टम एक्सपोर्ट किया गया है। गुयाना डिफेंस को Dornier 228 एयरक्राफ्ट दिये गए हैं। नाइजीरिया ने HAL से 4 LCH हेलिकॉप्टर खरीदे हैं। HAL ब्राजील को Tejas Mk 1A फाइटर जेट देगा। वियतनाम, UAE और अफ्रीकी देशों से भी बात जारी है।
बाजार की बात करें तो सेंसेक्स-निफ्टी में में लगातार चौथे दिन गिरावट दिख रही है। निफ्टी 200 प्वाइंट से ज्यादा फिसलकर 23350 के नीचे चला गया है। बैंक निफ्टी भी कमजोर है। मिडकैप और स्मॉलकैप में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। मिडकैप इंडेक्स करीब 1200 प्वाइंट टूटा है। फीयर इंडेक्स INDIA VIX करीब 6 फीसदी उछला है। स्टील और अल्युमीनियम पर ट्रंप के 25 फीसदी टैरिफ के डर से मेटल शेयरों में भारी बिकवाली आई है। मेटल इंडेक्स करीब तीन परसेंट फिसला है। वेदांता, SAIL और NALCO 4 फीसदी से ज्यादा गिरे हैं। साथ ही रियल्टी, फार्मा कैपिटल गुड्स में भी गिरावट आई है।