दिल्ली की आज़ादपुर फल-सब्जी मंडी आज से 24 घंटे के लिये खुली रहेगी। लॉकडाउन की वजह से पिछले कुछ समय से ये मंडी सिर्फ़ सुबह के वक्त 4 घंटे के लिये खुलती थी लेकिन किसानों और विक्रेताओं की बढ़ती परेशानी की वजह से दिल्ली सरकार ने इस मंडी को अब 24 घंटे खुले रखने के आदेश दे दिये है। 

दरअसल विक्रेताओं की शिकायत थी कि सुबह कुछ घंटो के लिये मंडी खुलती है जिसमें सब्ज़ियाँ पूरी बिक नहीं पाती। पहले के मुक़ाबले मंडी की आर्थिक स्थिति भी काफ़ी ज़्यादा ख़राब हो गयी है। इसके साथ ही कुछ शिकायतें ये भी मिल रही थी कि सुबह के वक्त लोगों की भीड़ काफ़ी ज़्यादा होती है क्योंकि शाम को मंडी बंद रहती थी इसलिए सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन भी ठीक से नहीं हो पाता। इन सभी चीजों को ध्यान में रखते हुये दिल्ली सरकार ने ये फ़ैसला लिया है।

अब इस सब्ज़ी मंडी में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक सब्जियां और फल बेचे जा सकेंगे जबकि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक मंडी में ट्रकों की आवाजाही की अनुमति होगी। इसके साथ ही एक नियम और तय किया गया है जिसमें मंडी में हर 4 घंटे में 1000 लोगों को ही एंट्री दी जायेगी। ये एंट्री टोकन के ज़रिये होगी।  यानि सुबह 6 बजे पहले 1000 लोगों को टोकन मिलेगा फिर उसके 4 घंटे बाद अगले 1000 लोगों को टोकन मिलेगा। हर 4 घंटे में ये प्रोसेस इसी तरह से जारी रहेगा।

इसके साथ ही लोग सभी नियमों का पालन करें इसके लिये पुलिस कर्मियों के साथ सिविल डिफ़ेंस से जुड़े लोग की भी तैनाती की गयी है.. साथ ही विक्रेताओं को ये साफ़ तौर पर कहा गया है कि अगर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन ठीक से नहीं करवाया गया तो उनका लाइसेंस तक रद्द किया जा सकता है। मंडी के 24 घंटे खुले रखने के सरकार के फ़ैसले पर लोगों का कहना है कि इससे एक समय पर कम भीड़ जमा होगी इसलिये फ़ैसला काफ़ी  अच्छा है।

विक्रेताओं ने भी इस फ़ैसले को काफ़ी सही ठहराया है। विक्रेताओं ने कहा अब माल ख़राब होने की परेशानी काफ़ी हद तक कम हो जायेगी। साथ ही एक समय पर कम ही लोग मंडी में होगे। हालाँकि ऑड-ईवन वाला नियम सब्ज़ी मंडियों में पहले की ही तरह लागू रहेगा  यानि एक दिन में एक शेल्टर के विक्रेताओं को ही मंडी में आने की अनुमति होगी और अगले दिन दूसरे शेल्टर के विक्रेता आयेंगे।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।