अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ी धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका की सैन्य कार्रवाई विनाशकारी साबित हो सकती है, जिसका असर इतना व्यापक होगा कि एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है। उनकी इस धमकी के बारे में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। ध्यान रखने वाली बात है कि ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने के लिए 48 घंटे का समय तय किया था। यह डेडलाइन भारतीय समय के मुताबिक 8 अप्रैल को सुबह खत्म हो रही है। सवाल है कि अगर ट्रंप ने ईरान के खिलाफ कोई अप्रत्याशित कार्रवाई की तो क्या शेयर बाजार में भी गिरावट की सुनामी आएगी?
अमेरिका और इजराइल ने ईरान में इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले किए
अमेरिका और इजरायल ने 7 अप्रैल यानी आज ईरान में इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले शुरू किए। इजरायल की सेना ने इस बारे में बताया है। ईरानी मीडिया ने भी खर्ग द्वीप पर बड़े धमाके की पुष्टि की है। बताया जाता है कि खर्ग सहित ईरान में इंफ्रास्ट्रक्चर के दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाया गया है। खास बात यह है कि ट्रंप ने 48 घंटों की जो मोहलत दी थी, उसके खत्म होने के पहले ही अमेरिका और इजरायल ने ईरान में ढांचागत सुविधाओं पर हमले शुरू कर दिए।
ट्रंप की धमकी हकीकत में बदली तो बाजार में आएगी बड़ी गिरावट
एक्सपर्ट्स का कहना है कि ट्रंप के कदम के बारे में अंदाजा लगाना मुश्किल है। लेकिन, यह तय है कि अगर अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अप्रत्याशित कार्रवाई की तो इससे भारत सहित दुनियाभर के बाजारों में ब़ड़ी गिरावट आएगी। मध्यपूर्व की लड़ाई 28 फरवरी को शुरू हुई थी। तब से भारतीय शेयर बाजार में 10 फीसदी से ज्यादा गिरावट आ चुकी है। कुछ एशियाई बाजारों में तो और भी ज्यादा गिरावट आई है। विदेशी फंड लगातार बिकवाली कर रहे हैं, जिससे डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर हो रहा है।
अमेरिका बाजार बड़ी गिरावट के साथ खुले
7 अप्रैल को अमेरिकी बाजार कमजोरी के साथ खुले। भारतीय समय के हिसाब से शाम 7:30 बजे अमेरिकी बाजार खुलते हैं। अमेरिकी बाजार के प्रमुख सूचकांकों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। सबसे ज्यादा 313 अंक यानी 1.41 फीसदी की गिरावट नैस्डेक में दिखी। डाओ जोंस में 0.61 फीसदी यानी 381 अंक की गिरावट के साथ कारोबार हो रहा था। एसएंडपी भी 0.89 फीसदी की कमजोरी के साथ ट्रेड कर रहा था। अमेरिकी बाजारों पर दबाव की वजह ट्रंप की धमकी हो सकती है।
भारतीय बााजारों में रिकवरी जारी
भारतीय बाजारों में 7 अप्रैल को काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बाजार के प्रमुख सूचकांक निफ्टी और सेंसेक्स कमजोर खुले। उसके बाद गिरावट बढ़ती दिखी। लेकिन, दोपहर तक बाजार में रिकवरी शुरू हो गई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 0.69 फीसदी यानी 509 अंक गिरकर 74,616 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 0.68 फीसदी यानी 155 अंक की गिरावट के साथ 23,123 पर क्लोज हुआ। भारतीय बाजार में लगातार तीसरे सत्र तेजी दिखी।