IPO से पहले Zomato ने Grofers में किया 12 करोड़ डॉलर का निवेश

इस निवेश के साथ ग्रोफर्स (Grofers) एक यूनिकॉर्न बन जाएगी.

अपडेटेड Jun 30, 2021 पर 8:52 AM
Story continues below Advertisement

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक आईपीओ लाने की तैयारी में लगी फूड डिलीवरी कंपनी जोमेटो ने ऑनलाइन ग्रोसरी  स्टार्टअप ग्रोफर्स (Grofers) में निवेश करने के लिए एक करार पर हस्ताक्षर किए हैं।

यह करार उस समय हुआ है जब कोरोना महामारी के दौरान देश में ऑनलाइन ग्रोसरी खरीदारी करने वाले लोगों की संख्या में बढ़त देखने को मिल रही है। इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि इस डील पर आधिकारिक रुप से 29 जून 2021 यानी आज ही हस्ताक्षर हुए हैं। इस करार के तहत जोमेटो  ग्रोफर्स में 12 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी। इस निवेश के लिए  ग्रोफर्स का वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर किया गया है।

 इस निवेश के साथ ग्रोफर्स (Grofers) एक यूनिकॉर्न बन जाएगी। बता दें कि यूनिक़ॉर्न शब्द का उपयोग उन प्राइवेटली फंडेड टेक्नोलॉजी स्टार्टअप्स के लिए किया जाता है जिनका वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर या उससे ज्यादा होता है।

गौरतलब है कि मनीकंट्रोल ने 18 जून को ही बताया था कि जोमेटो और ग्रोफर्स (Grofers) इस तरह के किसी करार की तैयारी में है और जल्द ही इसका एलान हो सकता है।

आपको यह भी याद दिला दें कि ग्रोफर्स (Grofers) के को-फाउंडर सौरभ कुमार ने 18 जून को एलान किया था कि वो ग्रोफर्स (Grofers)से बाहर निकल रहे हैं। बता दें कि 8 साल पहले उन्होंने सीईओ अलबिंदर ढ़ींढ़सा (Albinder Dhindsa) के साथ ग्रोफर्स की नींव रखी थी। हालांकि सौरभ कुमार कंपनी के ऑपरेशन रोल से बाहर हो गए हैं लेकिन वो कंपनी के बोर्ड में शेयर होल्डर के तौर पर शामिल रहेंगे।

यह भी बताते चलें कि ग्रोफर्स ने सौरभ कुमार और Albinder दोनों की हिस्सेदारी 8 फीसदी से कम है। वर्तमान में  ग्रोफर्स की बहुमत हिस्सेदारी सॉफ्ट बैंक के पास है। इसके अलाव  Tiger Global, Sequoia Capital और  DST Global ने भी  ग्रोफर्स में निवेश कर रखा है।


इनमें Sequoia Capital जोमेटो के प्रारंभिक निवेशकों में से है। इस खबर पर मनीकंट्रोल की तरफ से जानकारी मांगने पर ग्रोफर्स के स्पोक पर्सन ने मनीकंट्रोल से कहा कि हम बाजार अटकलों पर कोई टिप्पणी नहीं करते। जोमैटो ने भी इस खबर की पुष्टि नहीं की है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।