Dr Lal PathLabs Stocks: मार्केट की रौनक में आज डॉ लाल पैथलैब्स के भी शेयर रॉकेट बन गए और उछलकर यह एक साल के नए हाई पर पहुंच गया। इसके शेयरों को वैश्विक ब्रोकरेज फर्म नोमुरा के रुझान से सपोर्ट मिला, जिसने इसके शेयरों में निवेश का टारगेट प्राइस बढ़ा दिया है। ब्रोकरेज फर्म ने जून तिमाही के उम्मीद से बेहतर कारोबारी नतीजे के बाद यह रुझान अपनाया है। नोमुरा के बुलिश रुझान ने इसके शेयरों की चमक बढ़ा दी और यह करीब 8% उछल पड़ा। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी के चलते अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है।
फिलहाल बीएसई पर यह 6.11% की बढ़त के साथ ₹1864.10 (Dr Lal PathLabs Share Price) पर है। इंट्रा-डे में यह 7.80% चढ़कर एक साल के हाई ₹1,893.65 तक पहुंचा था। करीब चार महीने पहले 23 मार्च 2026 को यह एक साल के निचले स्तर ₹1,272.00 पर था।
कैसी है Dr Lal Pathlabs की सेहत
चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में डॉ लाल पैथलैब्स का रेवेन्यू सालाना आधार पर 19% उछलकर ₹797.7 करोड़ और शुद्ध मुनाफा 27% बढ़कर ₹170.5 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी का परफॉरमेंस दमदार रहा और ईबीआईटीडीए 29% बढ़कर ₹247.5 करोड़ और ईबीआईटीडीए मार्जिन 28.7% से 31% पर पहुंच गया। मैनेजमेंट ने इस वित्त वर्ष 2027 के लिए रेवेन्यू ग्रोथ के गाइडेंस को बढ़ाकर अर्ली टीन्स ((10-15%) से मिड-टीन्स (15-18%) कर दिया।
मैनेजमेंट के मुताबिक इसे हेल्दी पेशेंट वॉल्यूम ग्रोथ, बेहतर टेस्ट मिक्स, सीजीएचएस और ईसीएचएस प्राइस रिविजन और टियर-II और टियर-III मार्केट में लगातार अच्छी परफॉरमेंस से सपोर्ट मिलेगा। डॉ लाल पैथलैब्स ने हाल ही में पश्चिमी अफ्रीका में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए घाना में सनशाइन हेल्थकेयर में 80% हिस्सेदारी ₹37.7 करोड़ में खरीदी है और यह FY27 में 12-15 लैबोरेटरी और 3-4 रेडियोलॉजी सेंटर जोड़ने की योजना बना रही है।
Nomura ने क्यों बढ़ाया टारगेट प्राइस
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने डॉ लाल पैथलैब्स की खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है लेकिन टारगेट प्राइस को ₹2000 से बढ़ाकर ₹2085 कर दिया है। जून तिमाही के धमाकेदार कारोबारी नतीजे को लेकर ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि हायर रियलाइजेशंस के दम पर कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की मजबूत शुरुआत की।
नोमुरा को उम्मीद है कि ग्रोथ की बेहतर संभावनाओं और मार्जिन में लगातार बढ़ोतरी के कारण इसका शेयर कोरोना महामारी से पहले वैल्यूएशन रेंज एक साल के फारवर्ड अर्निंग्स के मुकाबले 40-45 गुना के ऊपरी लेवल पर ट्रेड करेगा। ब्रोकरेज फर्म ने अपनी रिपोर्ट में जिक्र किया है कि डॉ लाल पैथलैब्स अपने डायग्नोस्टिक नेटवर्क को बढ़ाने के अलावा हाई-एंड डायग्नोस्टिक टेस्ट, रेडियोलॉजी और इंटरनेशनल मार्केट में भी निवेश कर रही है, साथ ही इनऑर्गेनिक ग्रोथ के मौकों पर भी विचार कर रही है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।