ईआईएच का प्रदर्शन जून तिमाही में अच्छा रहा है। साल दर साल आधार पर रेवेन्यू 9 फीसदी बढ़ा। होटल बिजनेस से रेवेन्यू 10 फीसदी बढ़कर 464 करोड़ रुपये हो गया। रेवेन्यू पर एवलेबल रूम (रेवपीएआर) में भी अच्छा इजाफा हुआ। इसमें हायर प्राइसिंग का हाथ है, जिससे मार्जिन में भी इम्प्रूवमेंट आया। कंपनी इनवेंटरी बढ़ाने का प्लान बनाया है। 2027 से कंपनी की इनवेंटरी में ज्यादा वृद्धि देखने को मिलेगी। आगे ईआईएच जैसी लग्जरी सर्विस ऑफर करने वाली होटल कंपनियों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहने की उम्मीद है।
मशोबरा रिजॉर्ट में कोर्ट के फैसले से चिंता खत्म
EIH ने जून 2025 में आए कोर्ट के एक फैसले से पड़ने वाले वन टाइम इम्पैक्ट को अकाउंटिंग में शामिल कर लिया है। यह मामला मशोबरा रिजॉर्ट (शिमला) से जुड़ा है। इससे कंपनी की एक चिंता खत्म हो गई है। कंपनी की मौजूदा प्रॉपर्टीज की रेवपीएआर ग्रोथ अच्छी रही। लेकिन, कोलकाता में ओबेरॉय ग्रैंड के रिनोवेशन और मशोबरा रिजॉर्ट में सेवाएं बंद होने का असर कंपनी की ग्रोथ पर पड़ा। ओबेरॉय ग्रैंड में करीब 200 रूम हैं।
डोमेस्टिक प्रॉपर्टी की रेवपीएआर ग्रोथ 16 फीसदी
डोमेस्टिक प्रॉपर्टी की रेवपीएआर ग्रोथ जून तिमाही में 16 फीसदी रही। ईआईएच की मैनेज्ड प्रॉपर्टी की ग्रोथ भी अच्छी रही। आक्युपेंसी 70 फीसदी पर स्थिर रहा। लेकिन, रूम रेट्स करीब 18 फीसदी बढ़ने से ग्रोथ को सपोर्ट मिला। इंटरनेशनल प्रॉपर्टीज के मामले में भी रेवपीएआर ग्रोथ 22 फीसदी रही। हालांकि, इजरायल-फिलीस्तीन में चल रहे टकराव का असर मिस्र में कंपनी की प्रॉपर्टी पर पड़ा। ओबेरॉय एयरपोर्ट सर्विसेज की ग्रोथ कमजोर रही। इसमें कंपनी का फ्लाइट कैटरिंग और लाउन्ज बिजनेस शामिल हैं। FY25 की दूसरी छमाही से कंपनी का लाउन्ज बिजनेस बंद है।
ऑपरेटिंग मार्जिन 230 फीसदी बढ़ा
जून तिमाही में कंपनी के ऑपरेटिंग मार्जिन में साल दर साल आधार पर 230 बेसिस प्वाइंट्स का इजाफा देखने को मिला। इसमें प्राइस में वृद्धि का हाथ है। रेट बढ़ने से EBITDA भी बढ़ा। साल दर साल आधार पर कंपनी के EBITDA की ग्रोथ 19 फीसदी रही। लेकिन, मसोबरा रिजॉर्ट से जुड़े कोर्ट के फैसले से 110 करोड़ रुपये खर्च करने पड़े। इसका असर कंपनी के मुनाफे पर पड़ा। कंपनी का नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 63 फीसदी घट गया।
होटल इंडस्ट्री में डिमांड स्ट्रॉन्ग बने रहने की उम्मीद
होटल इंडस्ट्री में डिमांड स्ट्रॉन्ग बने रहने का अनुमान है। EIH के रेवपीएआर की ग्रोथ आगे भी घरेलू और इंटरनेशनल मार्केट में बेहतर बने रहने की उम्मीद है। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि इकोनॉमी की ग्रोथ अच्छी है। इससे लोगों की इनकम बढ़ रही है। इंडस्ट्री के अनुमान के मुताबिक, पर्यटकों की संख्या में इस वित्त वर्ष में 15 फीसदी तक का इजाफा हो सकता है। कंपनी ने बिजनेस के विस्तार का प्लान बनया है। ज्यादातर विस्तार घरेलू बाजार में होगा।
क्या आपको इनवेस्ट करना चाहिए?
EIH के शेयर 21 अगस्त को 0.12 फीसदी चढ़कर 402 रुपये पर बंद हुए। अभी स्टॉक में FY27 के अनुमानित EV/EBITDA के 18 गुना पर ट्रेडिंग हो रही है। बीते छह महीनों में इस स्टॉक में 25.49 फीसदी की तेजी आई है। लंबी अवधि के निवेशक इस स्टॉक में निवेश कर सकते हैं।