दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और टेस्ला व स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के मालिक एलॉन मस्क (Elon Musk) ने सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर (Twitter) में 9.2 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। Twitter ने अमेरिकी शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में यह जानकारी दी है। इस खबर के बाद प्री-मार्केट ट्रेड में ट्विटर के शेयरों में करीब 28% तक की उछाल आई।
Twitter ने बताया कि एलॉन मस्क ने अपने एक ट्रस्ट के जरिए ट्विटर में पैसिव हिस्सेदारी (Passive Stake) खरीदी है। पैसिव हिस्सेदारी का मतलब होता है कि शेयरहोल्डर कंपनी के रोजाना के कामकाज में कोई दखल नहीं देता है और वह सिर्फ शेयरों से लंबी अवधि में मिलने वाले फायदे को ध्यान में रखकर निवेश करता है।
खबर लिखे जाने के समय ट्विटर के शेयर प्री-मार्केट ट्रेडिंग में 28.49% की उछाल के साथ 50.51 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर कारोबार कर रहे थे। Twitter ने बताया कि एलॉन मस्क के पास कंपनी करीब 7.35 करोड़ शेयर हैं। शुक्रवार के बंद भाव के मुताबिक ट्विटर में Elon Musk की हिस्सेदारी करीब 2.89 अरब डॉलर की होगी।
Elon Musk ने यह हिस्सेदारी ऐसे समय में खरीदी है, जब कुछ दिनों पहले ही उन्होंने एक ट्वीट में कहा था कि वह एक नया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। एलॉन मस्क ट्विटर पर काफी लोकप्रिय हैं और उन्हें 8 करोड़ से अधिक लोग फॉलो करते हैं। हालांकि इसके बावजूद वह कई बार ट्विटर को लेकर आलोचना भी कर चुके हैं।
हाल ही में उन्होंने Twitter पर एक पोल के जरिए यूजर्स से पूछा था कि क्या उन्हें लगता कि ट्विटर बोलने की आजादी के सिद्धांत का कठोरता से पालन करती है और यह लोकतंत्र को खतरे में डालने वाली बात है। मस्क ने यूजर्स को सोच-समझकर वोट देने कहा था और यह भी कहा था कि इस पोल के नतीजे काफी अहम होंगे। पोल में करीब 70 फीसदी यूजर्स ने नहीं में जवाब दिया था।
इसे पोल के बाद Elon Musk ने एक दूसरे ट्वीट में कहा कि ट्विटर का एल्गोरिदम एक ओपन सोर्स होना चाहिए, जिसे सभी लोग देख सकें। इस पर Twitter के फाउंडर और पूर्व सीईओ जैक डोरसी (Jack Dorsey) ने जवाब देते हुए कहा, "ट्विटर को कौन सा एल्गोरिदम इस्तेमाल करना चाहिए या नहीं करना चाहिए, यह तय करना भी सबके हाथ में होना चाहिए।"