Eternal Q2 Results: जोमैटो और ब्लिंकिट की पैरेंट कंपनी Eternal Ltd ने 21 अक्टूबर को सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 92% बढ़कर ₹125 करोड़ हो गया। हालांकि, CNBC-TV18 ने नेट प्रॉफिट ₹250 करोड़ रहने का अनुमान लगाया था। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को ₹65 करोड़ का मुनाफा हुआ था। इससे पिछली तिमाही यानी जून तिमाही में मुनाफा ₹92 करोड़ था।
नतीजों के दिन Eternal के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। कंपनी का शेयर 3.5% गिरकर ₹308.8 पर बंद हुआ। कंपनी ने पिछले साल मार्च में अपना नाम Zomato से बदलकर Eternal कर लिया था।
रेवेन्यू 78% बढ़कर ₹24,138 करोड़
सितंबर तिमाही में Eternal का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 78% बढ़कर ₹24,138 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू ₹13,590 करोड़ था। वहीं, जून तिमाही में यह ₹20,211 करोड़ रहा था।
हालांकि, कंपनी ने समान आधार पर रेवेन्यू ग्रोथ 58% बताई। इसकी वजह Blinkit के बिजनेस मॉडल में हुआ बदलाव है। पिछले साल Blinkit ने इन्वेंट्री की ओनरशिप अपने हाथ में लेने वाला मॉडल अपनाया था। इस बदलाव का असर रेवेन्यू की सालाना तुलना पर पड़ा।
एडजस्टेड EBITDA में 197% की बढ़ोतरी
Eternal की ऑपरेशनल कमाई में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। Eternal का कंसोलिडेटेड एडजस्टेड EBITDA सालाना आधार पर 197% बढ़कर ₹666 करोड़ हो गया। पिछली तिमाही के मुकाबले इसमें 20% की बढ़ोतरी हुई। एडजस्टेड EBITDA से कंपनी के रोजमर्रा के कारोबार की कमाई का अंदाजा मिलता है।
गुरुग्राम स्थित Eternal का रेवेन्यू के साथ खर्च भी तेजी से बढ़ा। कुल खर्च सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 75% बढ़कर ₹24,166 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का खर्च ₹13,813 करोड़ था। वहीं, जून तिमाही में यह ₹20,314 करोड़ रहा था।
Bistro और Nugget के कारोबार में क्या हुआ?
Eternal के दूसरे कारोबारों में Bistro और Nugget शामिल हैं। इन कारोबारों का एडजस्टेड रेवेन्यू बढ़कर ₹132 करोड़ हो गया। पिछली तिमाही में यह ₹95 करोड़ था।
इस सेगमेंट के एडजस्टेड EBITDA घाटे में भी सुधार हुआ। जून तिमाही में यह घाटा ₹94 करोड़ था, जो सितंबर तिमाही में घटकर ₹91 करोड़ रह गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।