21 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजारों में पहले अच्छी तेजी दिखी लेकिन यह टिक न सकी। लिहाजा बाजार लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स 143.21 अंक या 0.19 प्रतिशत गिरकर 73,709.69 पर और निफ्टी 77.60 अंक या 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,811.35 पर बंद हुआ। इस बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 6.73 लाख करोड़ रुपये घट गया। 19 अक्टूबर को शेयर मार्केट बंद होने पर BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 468.51 लाख करोड़ रुपये था।
बुधवार को मार्केट बंद होने के बाद यह 461.78 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा दर्ज किया गया। यानि कि 6.73 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की कमी। 20 अक्टूबर को दशहरा पर शेयर बाजार बंद थे। बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स पिछली क्लोजिंग से 829 अंक तक चढ़कर 74,682.19 के हाई तक गया। निफ्टी भी पिछली क्लोजिंग से 232 अंक तक चढ़कर 23,120.90 के हाई तक गया।
निफ्टी पर इंफोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, TCS, अल्ट्राटेक सीमेंट टॉप गेनर्स रहे। वहीं बजाज फाइनेंस, BSE, इटर्नल, आयशर मोटर्स और ट्रेंट टॉप लूजर्स रहे। निफ्टी के सेक्टोरल इंडेक्सेज में सबसे ज्यादा गिरावट केमिकल्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में दिखी।
सोमवार को कैसी रही थी बाजार की चाल
19 अक्टूबर को महानवमी के मौके पर सेंसेक्स 876.37 अंक या 1.17 प्रतिशत गिरकर 73,852.90 पर बंद हुआ था। निफ्टी 257.20 अंक या 1.11 प्रतिशत टूटकर 22,888.95 पर सेटल हुआ था। दिन में सेंसेक्स पिछले बंद भाव से 1020.73 अंक तक गिरकर 73,708.54 के लो तक गया। निफ्टी पिछली क्लोजिंग से 301 अंक तक फिसलकर 22,845 के लो तक गया।
रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा डॉलर के मुकाबले 46 पैसे मजबूत होकर 94.45 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर की मांग पर अंकुश लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हस्तक्षेप से रुपये को सपोर्ट मिला। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी डॉलर में मजबूती ने रुपये की बढ़त को सीमित किया। रुपया सोमवार को 2 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.91 पर बंद हुआ था। मंगलवार को दशहरा के कारण विदेशी मुद्रा बाजार बंद था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।