Q3 नतीजों के बाद Eternal पर ब्रोकरेज बुलिश, CLSA ने बढ़ाया टारगेट; 7% तक उछला शेयर

Eternal Share Price: शेयर को कवर करने वाले 33 एनालिस्ट में से 30 ने स्टॉक पर "बाय" रेटिंग दी है। इटरनल का दिसंबर 2025 तिमाही के दौरान कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 72.88 प्रतिशत बढ़ गया। ऑपरेशंस से रेवेन्यू बढ़कर 16315 करोड़ रुपये हो गया

अपडेटेड Jan 22, 2026 पर 4:25 PM
Story continues below Advertisement
Eternal ने एक दिन पहले दिसंबर 2025 तिमाही के नतीजे जारी किए थे।

फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो और क्विक कॉमर्स ऑपरेटर ब्लिंकइट की पेरेंट कंपनी इटरनल लिमिटेड के शेयर के लिए CLSA ने टारगेट प्राइस बढ़ा दिया है। CLSA ने स्टॉक पर अपनी "हाई-कनविक्शन आउटपरफॉर्म" रेटिंग बरकरार रखी है। वहीं टारगेट को पहले के 483 रुपये से बढ़ाकर 506 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। नया टारगेट प्राइस, शेयर की क्लोजिंग से 83 प्रतिशत ज्यादा है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2026-2028 के लिए इटरनल की कमाई के अनुमान को 5-15% तक बढ़ा दिया है। इटरनल ने एक दिन पहले दिसंबर 2025 तिमाही के नतीजे जारी किए थे।

कंपनी ने यह भी बताया था कि फाउंडर दीपिंदर गोयल कंपनी के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर का पद छोड़ेंगे। उनकी जगह ब्लिंकइट के CEO अलबिंदर ढींडसा 1 फरवरी से नए इटरनल CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे। गोयल अब वाइस चेयरमैन और डायरेक्टर रहेंगे।

इटरनल का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के दौरान कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 72.88 प्रतिशत बढ़कर 102 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 59 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू बढ़कर 16315 करोड़ रुपये हो गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 5405 करोड़ रुपये था।


जेफरीज, HSBC और नोमुरा ने क्या दी रेटिंग

ब्रोकरेज ने स्टॉक पर "बाय" रेटिंग बनाए रखी है। टारगेट प्राइस 480 रुपये है। जेफरीज ने कहा कि Blinkit ने ऐसे समय में पॉजिटिव EBITDA दिया है जब कॉम्पिटिशन अपने चरम पर लग रहा है। यह बिजनेस की अंदरूनी ताकत को दिखाता है। दीपिंदर गोयल का अलबिंदर ढींडसा को कमान सौंपना इटरनल की तरफ से एक और सरप्राइज है।

HSBC ने इटरनल के शेयर के लिए "बाय" रेटिंग के साथ 350 रुपये प्रति शेयर का टारगेट सेट किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि दिसंबर तिमाही में कई पॉजिटिव सरप्राइज मिले। HSBC को Eternal से सालाना 15% से लेकर 20% तक रिटर्न मिलने की उम्मीद है।

नोमुरा ने 380 रुपये के प्राइस टारगेट के साथ अपनी "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है। लेकिन यह भी कहा है कि ऑर्गेनाइजेशन में बदलाव पर बारीकी से नजर रखने की जरूरत है। क्विक कॉमर्स बिजनेस के लिए लंबे समय तक कम प्रॉफिटेबिलिटी एक बड़ा रिस्क हो सकता है।

Eternal शेयर में अच्छी तेजी

इटरनल के शेयर में 22 जनवरी को अच्छी तेजी है। शेयर दिन में BSE पर पिछले बंद भाव से 7 प्रतिशत तक उछलकर 304.20 रुपये के हाई तक गया। बाद में शेयर 2.6 प्रतिशत बढ़त के साथ 276 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 2.66 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। एक साल में शेयर 27 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी जोमैटो के नाम से शेयर बाजारों में जुलाई 2021 को लिस्ट हुई थी। इसका 9375 करोड़ रुपये का IPO 38.25 गुना भरा था। शेयर को कवर करने वाले 33 एनालिस्ट में से 30 ने स्टॉक पर "बाय" रेटिंग दी है, जबकि बाकी 3 ने "सेल" रेटिंग दी है।

Stocks to Watch: Eternal, Lemon Tree Hotels और Rama Steel Tubes समेत ये स्टॉक्स; सेंसेक्स की एक्सपायरी पर धमाल!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।