Market trend : 27 जनवरी को भारतीय इक्विटी इंडेक्स कमजोर रुख के साथ बंद हुए हैं। निफ्टी आज 22,850 से नीचे आ गया। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 824.29 अंक या 1.08 फीसदी की गिरावट के साथ 75,366.17 पर और निफ्टी 263.05 अंक या 1.14 फीसदी की गिरावट के साथ 22,829.15 पर बंद हुआ। मेहता इक्विटीज प्रशांत तापसे का कहना है कि अमेरिका और यूरोपीय बाजारों के कमजोर संकेत, इस सप्ताह के अंत में होने वाली मंथली एफएंडओ की एक्सायरी, एफआईआई फंडों की लगातार निकासी तथा तीसरी तिमाही के अब तक के कमजोर नतीजे जैसे कारकों ने निवेशकों को इक्विटी बाजार से दूरी बनाने के लिए प्रेरित किया है। आईटी, टेलीकॉम, मेटल, तेल एवं गैस तथा रियल्टी शेयरों में भारी बिकवाली के कारण सेंसेक्स 76 हजार अंक से नीचे आ गया। निवेशक इस चिंता में मिड और स्मॉल कैप शेयरों से बाहर निकल रहे हैं कि अर्निंग्स में मंदी हाई वैल्यूशन के जोखिम को और बढ़ा रही है।
