आज की रिकवरी की कोशिश के बावजूद बाजार पिछले कई दिनों से लगातार गिर रहा है। बाजार क्यों गिर रहा है। इस पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल ने कहा कि बाजार क्यों गिर रहा है इस पर तामम थ्योरीज निकल कर आ रहीं है। बाजार में कुछ नहीं होता तो लोग अलग-अलग थ्योरी लेकर आते हैं। लेकिन बाजार के गिरने को मेन कारण है मंदी का डर। बाजार में बहुत दिनों के बाद एक शब्द ट्रेंड कर रहा है। वह है स्टैगफ्लेशन। स्टैगफ्लेशन वह स्थिति होती है जिसमें इकोनॉमी में तो ठहराव आ जाता है लेकिन महंगाई बढ़ती जाती है। महंगाई बढ़े और आपकी सैलरी भी बढ़े तो सब ठीक है। लेकिन अगर महंगाई बढ़े लेकिन आपकी सैलरी न बढ़े तो गड़बड हो जाती है। इसी स्थिति को स्टैगफ्लेशन कहते हैं।
महंगाई बढ़ रही है लेकिन अर्निंग्स नहीं बढ़ रही
हमें बाजार और इकोनॉमी में इसी का असर देखने को मिल रहा है। इस स्थित में खपत में गिरावट आती है। लोगों को अपने खर्चे टालने पड़ रहे हैं। यही स्थिति हमें इस समय देखने को मिल रही। एफएमसीजी और ऑटो में यही देखने को मिल रहा है। लोग गाड़ियां नहीं खरीद रहें है। साबुन तक कम बिक रहा है। लोग अपने घर तक पेंट नहीं कर रहे हैं। दूसरी तरफ सब्जियों और दूसरी जरूरी चीजों के दाम बढ़ रहे हैं। इस वजह से महंगाई बढ़ रही है लेकिन अर्निंग्स नहीं बढ़ रही हैं। ये मार्केट के लिए सबसे खराब स्थिति होती है। दूसरी तिमाही के नतीजों से भी पता चलता है कि हम इस समय इसी तरह के दौर से गुजर रहे हैं।
बाजार: 200 DMA बचाने की कवायद
अनुज ने बाजार पर बात करते हुए आगे कहा कि निफ्टी 200 DMA को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में आज बड़ी तेजी रही। निफ्टी के मुकाबले बैंक निफ्टी आउटपरफॉर्म कर रहा है। निफ्टी पर रणनीति बताते हुए कहा कि आगे निफ्टी 23,475-23,600 के बीच घूमता दिख सकता है। तेजी टिकने में नाकाम रही है। हर उछाल में बड़े सेलर्स बिकवाली कर रहे हैं। ये उछाल में बिकवाली का बजार बन गया है। लेकिन 200 DMA आसानी से नहीं टूट रहा है। बैंक निफ्टी पर रणनीति की बात करते हुए उन्होंने कहा कि बैंक निफ्टी आउटपरफॉर्म करने में कामयाब रहा है। आगे यह 49,800-50,500 के दायरे में रह सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।