FIIs buying: विदेशी निवेशकों की खरीदारी मजबूत बनी हुई है। सम्वत् 2083 की मुहूर्त ट्रेडिंग (Muhurat Trading) के बाद सोमवार को जब मार्केट खुला तो उन्होंने जमकर शेयरों की खरीदारी की। सोमवार 09 नवंबर को उन्होंने ₹7,212.22 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी की। हालांकि दूसरी तरफ तेजी का फायदा उठाते हुए DIIs (घरेलू संस्थागत निवेशकों) ने खरीदारी से अधिक बिकवाली की और ₹7,172.53 करोड़ के शेयरों की नेट बिक्री की। इससे पहले पिछले कारोबारी हफ्ते विदेशी निवेशकों ने 2-6 नवंबर तक लगातार पांच कारोबारी दिनों में करीब ₹48,263 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी की थी, जिसमें से ₹14,974.68 करोड़ की खरीदारी 5 नवंबर को और ₹13,749.82 करोड़ की खरीदारी धनतेरस 6 नवंबर को हुई थी।
FIIs क्यों धड़ाधड़ खरीद रहे शेयर
कंपनियों की कमाई में उछाल के बीच विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी फिर से बढ़ी है। हेलिओस कैपिटल (Helios Capital) के फाउंडर और फंड मैनेजर समीर अरोड़ा का कहना है कि डॉलर के हिसाब से कंपनियों की कमाई डबल-डिजिट में बढ़ रही है, जो विदेशी निवेशकों को भारतीय शेयरों की तरफ वापस खींच रही है। समीर का कहना है कि हाल ही में जो निवेश आए, उनके पीछे की मुख्य वजह कच्चे तेल की कीमतों में 15% की गिरावट और टैक्स से जुड़े संभावित बदलावों को लेकर लगाई जा रही अटकलें थीं। हालांकि उनका मानना है कि पिछले हफ्ते की ताबड़तोड़ खरीदारी का एक बड़ा हिस्सा नए लॉन्ग-टर्म निवेश के बजाय हेज फंड्स का अपनी शॉर्ट पोजीशन को कवर करने की वजह से हुआ है।
एक कारोबारी दिन पहले मुहूर्त ट्रेडिंग के बाद सम्वत 2083 के पहले कारोबारी दिन घरेलू स्टॉक मार्केट में काफी उठा-पटक दिखी। शुरुआती बढ़त गंवाते हुए सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) लाल हो गए थे लेकिन फिर निचले स्तर से रिकवरी करते हुए ये ग्रीन जोन में बंद हुए। निफ्टी 58.25 प्वाइंट्स की बढ़त के साथ 25044.65 पर बंद हुआ, जोकि नौ महीने का हाइएस्ट क्लोजिंग लेवल है। वहीं सेंसेक्स भी बैंकिंग स्टॉक्स के दम पर 107.25 प्वाइंट्स की मजबूती के साथ 81,106.65 पर बंद हुआ। निफ्टी बैंक 890.60 प्वाइंट्स उछलकर 59,741.25 पर बंद हुआ।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।