फर्स्टक्राई की पेरेंट कंपनी ब्रेनबीज सॉल्यूशंस (Brainbees Solutions) के शेयरों में 17 नवंबर को शानदार तेजी है। BSE पर दिन में शेयर पिछले बंद भाव से लगभग 13 प्रतिशत तक उछला और 178.75 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 9200 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी के तिमाही नतीजे जारी होने के बाद ब्रोकरेज का व्यू सामने आया है। JM फाइनेंशियल को शेयर में आगे 55 प्रतिशत तक उछाल की गुंजाइश दिख रही है।
JM फाइनेंशियल ने फर्स्टक्राई के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। लेकिन टारगेट प्राइस 255 रुपये से घटाकर 245 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी के मार्जिन पर दबाव बना हुआ है। कंपनी के मैनेजमेंट को अक्टूबर-दिसंबर 2026 तिमाही से मार्जिन में सुधार होने की उम्मीद है।
JM फाइनेंशियल ने ब्रेनबीज सॉल्यूशंस के लिए वित्त वर्ष 2027 के एडजस्टेड EBITDA अनुमान को 18 प्रतिशत घटा दिया है। EBITDA मतलब ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई। ब्रेनबीज सॉल्यूशंस अगस्त 2024 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 4,193.73 करोड़ रुपये का था। कंपनी शिशुओं, बच्चों और माताओं से जुड़े प्रोडक्ट्स बेचती है। इसका शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है।
सितंबर तिमाही में घाटे में 81 प्रतिशत की कमी
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में ब्रेनबीज सॉल्यूशंस का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा (कंपनी के मालिकों के लिए) सालाना आधार पर 81 प्रतिशत घटकर 6.56 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले घाटा 35.05 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2395.82 करोड़ रुपये रहा। सितंबर 2025 तिमाही में यह 2099.08 करोड़ रुपये था। कुल खर्च 2303.17 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 तिमाही में 2036.93 करोड़ रुपये के थे।
सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का इंटरनेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 6 प्रतिशत बढ़ा। कंसोलिडेटेड ग्रॉस मार्जिन एक साल पहले के मुकाबले 154 बेसिस पॉइंट्स घटकर 35.1 प्रतिशत पर आ गया।
FirstCry का शेयर एक साल में 50 प्रतिशत फिसला
FirstCry का शेयर 6 महीनों में 21 प्रतिशत नीचे आया है। एक साल में कीमत लगभग 50 प्रतिशत और 2 साल में लगभग 66 प्रतिशत कमजोर हुई है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 93.05 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडहजस्टेड हाई 348.50 रुपये और एडजस्टेड लो 156.55 रुपये है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।