Groww में एक झटके में बिके ₹1905 करोड़ के शेयर, कीमत 4% तक चढ़ी

Groww 12 नवंबर 2025 को लिस्ट हुई थी। इसका IPO 6,632.30 करोड़ रुपये का था। इससे पहले 6 नवंबर को भी ग्रो में एक ब्लॉक डील हुई थी, जिसमें 17.42 करोड़ शेयर खरीदे-बेचे गए थे। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 27.13 प्रतिशत हिस्सेदारी थी

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 11:59 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सितंबर 2026 तिमाही में Groww का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 54 प्रतिशत बढ़ गया।

17 नवंबर को ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ग्रो (Groww) की पेरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के 8.7 करोड़ शेयरों की बिक्री हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्री-ओपन ब्लॉक विंडो में हुए इस बड़े सौदे में ग्रो की लगभग 1.4 प्रतिशत हिस्सेदारी की बिक्री हुई। ये शेयर 219 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर बेचे गए, जिससे कुल ट्रांजेक्शन वैल्यू 1,905 करोड़ रुपये रही। सौदे के तहत किसने शेयर बेचे और किसने खरीदे, इस बारे में अभी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

इससे पहले 6 नवंबर को भी ग्रो में एक ब्लॉक डील हुई थी, जिसमें कंपनी की कुल इक्विटी का 2.8 प्रतिशत हिस्सा या 17.42 करोड़ शेयर खरीदे-बेचे गए थे। उस वक्त ट्रांजेक्शन 215 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर हुआ था, जिससे सौदे की कुल वैल्यू 3,708 करोड़ रुपये रही थी।

ग्रो BSE, NSE पर 12 नवंबर 2025 को लिस्ट हुई थी। इसका IPO 6,632.30 करोड़ रुपये का था। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 27.13 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।


Groww का शेयर इस साल अब तक 50 प्रतिशत मजबूत

मंगलवार को ग्रो के शेयर में तेजी है। BSE पर दिन में शेयर पिछले बंद भाव से लगभग 4 प्रतिशत तक उछलकर 233.45 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 1.45 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 2 सप्ताह में 12 प्रतिशत चढ़ा है। 6 महीनों में कीमत 23 प्रतिशत और साल 2026 में अब तक लगभग 50 प्रतिशत उछली है।

Stock Market Rise: सेंसेक्स 472 अंक तक उछला, बैंक निफ्टी पहली बार 62100 के पार; 3 कारणों से बाजार लगातार दूसरे दिन हरा

सितंबर तिमाही में मुनाफा

बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 54 प्रतिशत बढ़कर 725 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 471.34 करोड़ रुपये था। कुल इनकम 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,540.54 करोड़ रुपये रही, जो सितंबर 2025 तिमाही में 1,071 करोड़ रुपये थी। Groww ने सितंबर 2026 तिमाही में 11 लाख नए ट्रांजेक्टिंग यूजर्स जोड़े।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।