शेयर बाजार में 17 नवंबर को लगातार दूसरे कारोबारी दिन तेजी है। सेंसेक्स और निफ्टी ने कारोबार की शुरुआत हरे निशान में की। उसके बाद सेंसेक्स पिछले क्लोजिंग प्राइस से 472 अंक तक उछला और 82,576.97 के हाई तक गया। निफ्टी भी पिछले बंद भाव से 126 अंक तक चढ़कर 25,416.85 के हाई तक गया। बैंक और रियल्टी स्टॉक्स में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है।
एक दिन पहले सोमवार को सेंसेक्स 512.34 अंकों की बढ़त के साथ 82,104.79 पर और निफ्टी 146.80 अंक मजबूत होकर 25,291.10 पर बंद हुआ था। शुक्रवार, 13 नवंबर को बाजार में गिरावट रही थी। आइए जानते हैं Stock Market में मंगलवार को आई तेजी के अहम कारण...
कच्चे तेल की कीमत में गिरावट
मध्य पूर्व से निर्यात में सुधार के कारण आपूर्ति अधिक होने की उम्मीदों के चलते ब्रेंट क्रूड की कीमत और नीचे आ गई है। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.69 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड फ्यूचर्स 84.9 डॉलर प्रति बैरल पर है।
NSE के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FII) ने 5,737 करोड़ रुपये के भारतीय शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशक (DII) नेट सेलर रहे और उन्होंने 2,254 करोड़ रुपये की बिकवाली की। विदेशी निवेशकों ने नवंबर के पहले 15 दिनों में भारतीय इक्विटी में जोरदार वापसी करते हुए 84,290 करोड़ रुपये का निवेश किया।
बैंक और रियल्टी शेयरों में खरीदारी
बैंक निफ्टी पहली बार 62,100 के स्तर को पार कर गया। NSE के सेक्टोरल इंडेक्सेज में केवल एफएमसीजी और ऑयल एंड गैस लाल निशान में हैं। निफ्टी PSU बैंक में पंजाब नेशनल बैंक का शेयर लगभग 4 प्रतिशत उछला है। बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब एंड सिंध बैंक के शेयरों में 3 प्रतिशत की तेजी है। केनरा बैंक, यूको बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 2 प्रतिशत चढ़े हैं।
निफ्टी रियल्टी में शोभा रियल्टी का शेयर 4 प्रतिशत उछला है। प्रेस्टीज एस्टेट प्रोजेक्ट्स लगभग 4 प्रतिशत और लोढ़ा डेवलपर्स 3.5 प्रतिशत चढ़ा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।