G R Infraprojects Stock Price: सिविल कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी जीआर इंफ्राप्रोजेक्ट्स के शेयर में 3 फरवरी को 5 प्रतिशत की गिरावट आई। अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 20 प्रतिशत गिरने से शेयर के लिए सेंटिमेंट बिगड़ा। हालांकि तिमाही के दौरान मुनाफा 8 प्रतिशत बढ़ा है। जीआर इंफ्राप्रोजेक्ट्स का शेयर बीएसई पर सुबह बढ़त के साथ 1250 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 6.6 प्रतिशत गिरकर 1191.90 रुपये के लो तक गया। कारोबार बंद होने पर शेयर लगभग 5 प्रतिशत गिरावट के साथ 1216 रुपये पर सेटल हुआ।
कंपनी का मार्केट कैप 11700 करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर पिछले 6 महीनों में 27 प्रतिशत और एक महीने में 16 प्रतिशत सस्ता हुआ है। जीआर इंफ्राप्रोजेक्ट्स का पुराना नाम जीआर अग्रवाल बिल्डर्स एंड डेवलपर्स लिमिटेड था।
दिसंबर तिमाही में कितना रहा मुनाफा और रेवेन्यू
दिसंबर 2024 तिमाही में G R Infraprojects का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 8 प्रतिशत बढ़कर 262.59 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 242.87 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू एक साल पहले के मुकाबले 20 प्रतिशत कम होकर 1694.50 करोड़ रुपये पर आ गया। दिसंबर 2023 तिमाही में रेवेन्यू 2134.02 करोड़ रुपये रहा था।
हाल ही में जीआर इंफ्राप्रोजेक्ट्स, वेस्टर्न रेलवे के तहत 262.28 करोड़ रुपये के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के लिए लोएस्ट बिडर बनकर उभरी थी। कंपनी में प्रमोटर्स के पास दिसंबर 2024 के आखिर तक 74.70 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
1,859.95 रुपये के पीक तक गया है शेयर
जीआर इंफ्राप्रोजेक्ट्स के शेयर ने बीएसई पर अपना पीक 1,859.95 रुपये 26 जून 2024 को क्रिएट किया था। शेयर का रिकॉर्ड लो 1,168.70 रुपये 22 फरवरी 2024 को देखा गया। शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड 1,532 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 1,021.40 रुपये है। सर्किट लिमिट 20 प्रतिशत है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।