Glass Wall Systems IPO Listing: बड़ी बिल्डिंग्स के बाहरी ग्लास और प्रीमियम खिड़की-दरवाजे से जुड़ा बिजनेस करने वाली ग्लास वाल सिस्टम्स के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में प्रीमियम एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 81 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹182 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹190.10 और NSE पर ₹194.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 6% तक का लिस्टिंग गेन (Glass Wall Systems Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर BSE पर यह ₹196.05 (Glass Wall Systems Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 7.72% मुनाफे में हैं।
Glass Wall Systems IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
ग्लास वाल सिस्टम्स का ₹428 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 8-10 सितंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 81.65 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 167.93 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 79.71 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 33.18 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹60 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹2 की फेस वैल्यू वाले 2,02,13,722 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹50.00 करोड़ एक ग्लास प्रोसेसिंग यूनिट लगाने, ₹4.63 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹38.64 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च होंगे।
Glass Wall Systems के बारे में
ग्लास वाल सिस्टम्स फेसेड सॉल्यूशंस और फेनेस्ट्रेशन को लेकर काम करती है। इसका कारोबार भारत के अलावा अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में भी फैला हुआ है। मार्च 2026 तक यह 158 से अधिक प्रोजेक्ट्स पूरे कर चुकी है। इसके ग्राहक मुख्य रूप से रियल एस्टेट डेवलपर्स, बिल्डिंग/इंफ्रास्ट्रक्चर कॉन्ट्रैक्टर्स, अस्पताल, एयरपोर्ट अथॉरिटीज और कॉर्पोरेट कंपनियां हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 103% से अधिक की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹83.79 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में उठा-पटक दिखी और वित्त वर्ष 2024 में ₹310.26 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹288.14 करोड़ से वित्त वर्ष 2026 में ₹471.43 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹6.68 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹242.96 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।