Global market : ग्लोबल मार्केट से शानदार संकेत मिल रहे हैं। रेट कट की उम्मीद बढ़ने से कल अमेरिकी बाजारों में जोरदार तेजी रही थी। S&P 500 और नैस्डैक इंडेक्स कल रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए थे। फेड चेयरमैन जेरॉम पॉवेल ने महंगाई घटने के संकेत दिए हैं। एशियाई बाजारों में भी जोश बढ़ा है। निक्केई नए शिखर पर दिख रहा है। गिफ्ट निफ्टी में भी 0.25 फीसदी की मजबूती देखने को मिल रही है।
अमेरिकी बाजारों में तेजी का दौर जारी
अमेरिकी बाजारों में तेजी का दौर जारी है। कल S&P500 और नैस्डेक रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए थे। S&P500 पहली बार 5600 के पार बंद हुआ था। जापान का निक्केई रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ था। बाजार को US में सितंबर में दरें घटने की उम्मीद बढ़ी हैं। आज अमेरिका के CPI के आंकड़े आएंगे। कल अमेरिका के PPI के आंकड़े आएंगे। फेड चेयर जे. पॉवेल ने दोहराया है कि मूल्य दबाव कम होने की संभावना है। इस बयान के चलते एस एंड पी 500 और नैस्डैक नए ऑलटाइम हाई पर बंद हुए। कल डॉव 430 अंक बढ़त के साथ, एस एंड पी 500 इंडेक्स 57 अंकों की बढ़त के साथ और नैस्डैक 218 अंकों की बढ़त लेकर बंद हुआ।
NVIDIA कल 2.69 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। वहीं, एप्पल में 1.88 फीसदी, माइक्रोसॉफ्ट में 1.46 फीसदी, अल्फाबेट में 1.16 फीसदी, मेटा में 0.88 फीसदी, टेस्ला में 0.35 फीसदी और अमेजन में 0.23 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।
अमेरिका की बॉन्ड यील्ड पर नजर डालें तो 30 साल की बॉन्ड यील्ड 4.48 फीसदी, 10 साल की बॉन्ड यील्ड 4.29 फीसदी, 5 साल की बॉन्ड यील्ड 4.24 फीसदी और 2 साल की बॉन्ड यील्ड 4.62 फीसदी पर दिख रही है।
इस बीच यूएस फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने कहा है कि महंगाई काबू में आ गई है ये कहना गलत होगा। अमेरिका में महंगाई से लड़ाई खत्म नहीं हुई है। महंगाई दर 2 फीसदी पर लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। महंगाई 2 फीसदी के करीब आए बिना दरें नहीं घटेंगी। अमेरिका स्थिर कीमतों की राह पर है। अमेरिका सॉफ्ट लैंडिंग की ओर बढ़ रहा है।
चीन में 15 से 18 जुलाई तक सरकार की अहम बैठक है। इसमें आर्थिक सुधार समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। चीन में बड़े राहत पैकेज का एलान हो सकता है।
एशियाई बाजारों में तेजी के साथ कारोबार देखने को मिल रहा है। गिफ्ट निफ्टी 59 अंक यानी 0.24 फीसदी की बढ़त के साथ 24,421 के आसपास दिख रहा है। वहीं, निक्केई 0.88 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। स्ट्रेट टाइम्स में भी 0.39 फीसदी की तेजी नजर आ रही है। वहीं, ताइवान का बाजार 1.06 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। जबकि हैंगसेंग 1.44 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं कोस्पी में 0.68 फीसदी की कमजोरी दिख रही है। जबकि शंघाई कम्पोजिट 0.75 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है।