ग्लोबल बाजारों से सुस्त संकेत मिल रहे है। एशिया में मिला-जुला कामकाज हो रहा है । गिफ्ट निफ्टी भी फ्लैट कारोबार कर रहा है। कल डाओ जोंस करीब 200 प्वाइंट फिसला था। 10 साल की US बॉन्ड में और तेजी बढ़ी है। और भाव 4.26% के पार निकल गया है। कल अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। S&P 500 इंडेक्स के 389 शेयर लाल निशान में बंद हुए थे। S&P 500 इंडेक्स के सिर्फ 144 शेयर हरे निशान में बंद हुए।
7 एशियाई देशों में महंगाई बढ़ी है। क्रूड की कीमतें चढ़ने से महंगाई बढ़ी है। चावल की ऊंची कीमतों से महंगाई में इजाफा हुआ है। फिलीपींस में अगस्त महंगाई दर बढ़कर 5.3% पर पहुंची है जबकि साउथ कोरिया में अगस्त महंगाई दर बढ़कर 3.4% पर पहुंची है।
कच्चा तेल 9 महीनों की ऊंचाई पर पहुंचा। ब्रेंट का भाव 90 डॉलर के पार निकला है जबकि WTI का भाव 87 डॉलर के पार निकला है। सऊदी अरब और ओपेक+ ने दिसंबर महीने तक उत्पादन में कटौती जारी रखने का फैसला लिया है। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल के दाम में तेजी देखने को मिल रही है। सऊदी अरब ने दिसंबर 2023 तक 10 लाख बैरल प्रति दिन उत्पादन में कटौती करने का एलान किया है। जबकि, रूस इस समय तक हर रोज 3 लाख बैरल प्रति दिन तक उत्पादन में कटौती करेगा।
इस बीच आज एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। GIFT NIFTY 15.50 अंक की गिरावट दिखा रहा है। वहीं, निक्केई करीब 0.68 फीसदी की बढ़त के साथ 33,262.48 के आसपास दिख रहा है। वहीं, स्ट्रेट टाइम्स में 0.26 फीसदी की बढ़त दिखा रहा है। ताइवान का बाजार सपाट कारोबार कर रहा है। जबकि हैंगसेंग 0.55 फीसदी की गिरावट के साथ 18,356.01 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, कोस्पी में 0.45 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। वहीं शंघाई कम्पोजिट 0.32 फीसदी की गिरावट के साथ 3,144.22 के स्तर पर दिख रहा है।