Motilal Oswal Buy Rating: टेक्सटाइल एक्सपोर्टर Gokaldas Exports के शेयर में इस साल अब तक करीब 54% की गिरावट आ चुकी है। रुपये में उतार-चढ़ाव और ग्लोबल अनिश्चितता के बीच भी ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल को इस शेयर में अच्छी तेजी की उम्मीद है। ब्रोकरेज ने अगले 12 महीने के लिए ₹1,000 का टारगेट प्राइस दिया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 48% की तेजी का संकेत देता है।
ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी का अलग-अलग बाजारों में कारोबार और कई देशों में मैन्युफैक्चरिंग का नेटवर्क इसे दूसरी कंपनियों के मुकाबले बढ़त देता है।
दूसरी तिमाही में कैसा रहा प्रदर्शन?
Gokaldas Exports का सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 13% बढ़कर ₹1,110 करोड़ रहा। भारत में कंपनी का रेवेन्यू 10% बढ़ा। यह ग्रोथ भारतीय अपैरल एक्सपोर्ट इंडस्ट्री की 1.2% ग्रोथ से काफी ज्यादा रही।
अफ्रीका के कारोबार में भी 32% की बढ़ोतरी हुई। ज्यादा बिक्री और बेहतर कीमतों से कंपनी को फायदा मिला। हालांकि, सीजनल कमजोरी का असर भी रहा। बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और कामकाज में सुधार से EBITDA मार्जिन 9.4% रहा। कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹41.2 करोड़ था।
दूसरी छमाही में मार्जिन सुधरने की उम्मीद
Gokaldas Exports को वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही में मार्जिन बेहतर होने की उम्मीद है। इसमें अनुकूल विदेशी मुद्रा दरों से 130-140 बेसिस पॉइंट का फायदा मिल सकता है। ग्राहक डिस्काउंट वापस लेने से 50 बेसिस पॉइंट का लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, बढ़ी लागत का बोझ ग्राहकों पर डालने से भी मदद मिलेगी।
नई फैक्ट्रियों से बढ़ेगी कमाई
Gokaldas Exports भारत में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा रही है। भोपाल में दूसरे चरण की यूनिट से करीब ₹200 करोड़ और प्रस्तावित रांची यूनिट से करीब ₹400 करोड़ के रेवेन्यू की संभावना है। कंपनी को FY28 से भारत में दो अंकों में वॉल्यूम ग्रोथ की उम्मीद है।
अफ्रीका में भी FY28 में 20% से ज्यादा रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान है। अप्रैल 2027 से दो नए ग्राहक ऑर्डर देना शुरू कर सकते हैं।
इन जोखिमों पर भी रखें नजर
मोतीलाल ओसवाल ने स्टॉक से जुड़े कुछ जोखिम भी बताए हैं। इनमें अमेरिका के बाजार पर निर्भरता, कच्चे माल की बढ़ती लागत और नए प्रोजेक्ट में देरी शामिल हैं। कुछ ग्राहकों पर ज्यादा निर्भरता भी चिंता का विषय हो सकती है। इसलिए निवेशकों को कंपनी की क्षमता विस्तार और ऑर्डर बुक पर नजर रखनी चाहिए।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।