Gold-Silver Rate Today : केंद्र सरकार ने कीमती धातुओं के इंपोर्ट की नकेल कसने और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव घटाने के प्रयास में सोने और चांदी पर आयात शुल्क को 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया है। सरकार द्वारा जारी सर्कुलर के मुताबिक सोने और चांदी के इंपोर्ट की कई कटेगरी पर बेसिक कस्टम ड्यूटी को 5% से बढ़ाकर 10% कर दिया गया है,जबकि 5% का कृषि अवसंरचना और विकास उपकर (AIDC) जारी है,जिससे कुल प्रभावी आयात कर 15% हो गया है। इस खबर के चलते आज सोने चांदी में तेजी देखने को मिल रही है। 10 बजे के आसपास एमसीएक्स पर सोने का जून वायदा 9,104 रुपए यानी 5.93 फीसदी की तेजी के साथ 162,620 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी 17,744 रुपए यानी 6.36 फीसदी की तेजी के साथ 296,806 रुपए पर कारोबार कर रहा था।
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें थोड़ी नीचे आई हैं। US-ईरान युद्ध से जुड़ी अनिश्चितता और उम्मीद से ज्यादा मज़बूत US महंगाई के आंकड़ों ने फ़ेडरल रिज़र्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को कम कर दिया है। स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.4% गिरकर 4,695.99 डॉलर प्रति औंस हो गई है। जबकि जून डिलीवरी के लिए US गोल्ड फ़्यूचर्स 0.4% बढ़कर 4,705.30 डॉलर पर पहुंच गए हैं। स्पॉट सिल्वर 0.2% बढ़कर 86.71 डॉलर प्रति औंस पर दिख रहा है।
अपील के बाद एक्शन, क्या होगा शेयर और कमोडिटी बाजार पर असर
सीएनबीसी-आवाज के अनुज सिंघल ने कहा कि बाजार का यही डर था कि अपील के बाद होगा एक्शन। सरकार ने सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी तत्काल प्रभाव से बढ़ा दी है। गोल्ड से जुड़े शेयर पहले ही रिएक्ट कर चुके हैं। परसों सुबह 8:30 बजे सीएनबीसी-आवाज़ पर कल्याण ज्वैलर्स में बिकवाली की सलाह दी गई थी। 2 दिनों में स्टॉक पहले ही 15-16% गिर चुका है। आज भी इस पर दबाव देखने को मिल रहा है। अब बाजार को डर है कि अगला कदम पेट्रोल और डीजल पर होगा। OMCs को पेट्रोल और डीजल में 20 रुपए प्रति लीटर से ज्यादा बढ़ोतरी की जरूरत है। ऐसे में बाजार के लिए महंगाई का एक बड़ा रिस्क ओपन हो रहा है। वैसे भी इस समय सरकार को एक कड़ा फैसला लेना ही है। क्योंकि कोई भी रास्ता चुनना आसान नहीं है। कीमतों में बढ़ोतरी,सब्सिडी या OMCs को बड़ा नुकसान, ये तीनों ही मुश्किल फैसले हैं। यही कारण है कि बाजार में पिछले 2 दिनों की गिरावट थोड़ी ज्यादा हुई है। हम शुक्रवार से ही कमजोर थे,मगर पिछले दो दिन ये बड़ा कारण रहा है।
सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से ब्रोकर्स परेशान
सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से ब्रोकर्स परेशान हैं। उनका कहना है कि ड्यूटी बढ़ने से सोना ऊपर भागेगा। क्लाइंट लेवल पर मार्जिन की दिक्कतें आएंगी। देर रात के फैसले से क्लाइंट तुरंत बढ़ा हुआ मार्जिन कैसे देंगे। MCX से नए मार्जिन की फाइल का इंतजार है।
9.55 बजे के आसपास MCX पर कॉपर का मई वायदा 16.35 रुपए यानी 1.18 फीसदी की बढ़त के साथ 1,406.50 रुपए पर दिख रहा था। वहीं, क्रूड का मई वायदा 66.00 रुपए यानी 0.68 फीसदी की कमजोरी के साथ 9,657 के स्तर पर नजर आ रहा था। नैचुरल गैस का मई वायदा 0.10 रुपए यानी 0.04 फीसदी की हल्की तेजी के साथ 271.10 रुपए पर कारोबार कर रहा था। वहीं, ELECDMBL मई फ्यूचर्स 60 रुपए यानी 1.30 फीसदी की तेजी लेकर 4,690 पर नजर आ रहा था।
कमोडिटी में कमाई वाले कॉल
कमोडिटी में कमाई वाले कॉल के लिए आज हमारे साथ हैं केडिया कमोडिटीज के अजय केडिया इनको आज सोने और चांदी में कमाई के मौके दिख रहे हैं। गोल्ड में इनकी 153000 रुपए के आसपास, 151000 रुपए के स्टॉप लॉस के साथ 158000 रुपए के टारगेट के लिए खरीदारी की सलाह है। वहीं, सिल्वर में 279000 रुपए के आसपास, 277000 रुपए के स्टॉपलॉस के साथ, 285000 के टारगेट के लिए खरीदारी की सलाह है।
कमोडिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि MCX पर सोने की कीमतें बढ़कर 1.68 लाख रुपए से 1.70 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती हैं,जबकि चांदी की कीमत 3 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर को छू सकती है। इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी सोने और चांदी में गिरावट आने पर खरीदारी करने की सलाह देरहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि तेजी का यह रुख बना रहेगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।