जीडीपी और मैन्यूफेक्चरिंग PMI आंकड़ों ने बाजार में जोश भर दिया और इसका लगातार 2 हफ्तों के गिरावट का दौर थमता नजर आया। 3 दिसंबर को खत्म हुए हफ्ते में बाजार करीब 1 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ बंद होने में कामयाब रहा । हालांकि आगे आनेवाली आरबीआई पॉलिसी, ओमीक्रोन कोविड-19 के बढ़ते मामले, फेड की टैपरिंग निवेशकों के लिए चिंता का विषय बनी रहेंगी।
पिछले हफ्ते सेसेंक्स 589.31 अंक यानी 1 फीसदी की बढ़त के साथ 57,696.46 के स्तर पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 170.25 अंक यानी 0.99 फीसदी की बढ़त के साथ 17,196.7 के स्तर पर बंद हुआ।
3 दिसंबर को खत्म हुए हफ्ते में बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा। Nxtdigital, HCL Infosystems, Tata Teleservices (Maharashtra), Neogen Chemicals, AurionPro Solutions, Gujarat Fluorochemicals, Mirza International और Ramco System जैसे स्मॉलकैप शेयरों में 20-25 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली जबकि Reliance Capital, Trident, Jaiprakash Associates, Aurum Proptech, Ganesh Housing Corporation और Sasta Sundar Ventures जैसे शेयरों में 10-22 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
बीते हफ्ते बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 1 फीसदी से की बढ़त देखने को मिली। Vodafone Idea, Supreme Industries, GMR Infrastructure, Oil India, Aditya Birla Capital और Bajaj Holdings & Investment शेयरों बढ़त देखने को मिली। वहीं Glenmark Pharma, Bank Of India, Apollo Hospitals Enterprises, Ashok Leyland और CRISIL में गिरावट देखने को मिली।
इसी तरह बीएसई लॉर्जकैप पर नजर डालें तो पिछले हफ्ते में इसमें भी करीब 1 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। NMDC, HCL Technologies, Tata Consultancy Services, IndusInd Bank और Hindustan Zinc में 5 फीसदी की तेजी आई थी। जबकि Adani Transmission और Cipla में 5 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
बीएसई सेसेंक्स पर नजर डालें तो Tata Consultancy Services के मार्केट वैल्यू में सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिली। उसके बाद HCL Technologies और Bajaj Finance का नंबर रहा। वहीं दूसरी तरफ Bharti Airtel, Kotak Mahindra Bank और ICICI Bank के मार्केट वॉल्यूम में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।
अलग-अलग सेक्टर पर नजर डालें तो पिछले हफ्ते निफ्टी आईटी इंडेक्स का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा था। उसके बाद निफ्टी मीडिया और मेटल में भी अच्छी तेजी देखने को मिली जबकि दूसरी तरफ निफ्टी फार्मा इंडेक्स में 2.5 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
बीते हफ्ते FIIs ने भारतीय बाजार में 15,809.18 करोड़ रुपये के बिकवाली की थी जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 16,450.10 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी। नवंबर 2021 में एफआईआई ने 39,901.92 करोड़ रुपये की बिकवाली की जबकि डीआईआई ने 30,560.27 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
पिछले हफ्ते डॉलर के मुकाबले रुपये में साप्ताहिक आधार पर गिरावट देखने को मिली है और यह 30 पैसे कमजोर होकर 3 दिसंबर को 75.17 के स्तर पर बंद हुआ है जबकि 26 नवंबर को 74.87 पर क्लोजिंग देखने को मिली थी।