GRE Renew Enertech IPO Listing: जीआरई रिन्यू एंनर्टेक के शेयरों की आज BSE SME पर डिस्काउंट के साथ एंट्री हुई। हालांकि इसके आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 16 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹105.00 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹96.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि 8.57% पूंजी ही घट गई। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर टूट गए। ₹99 की ऊंचाई तक जाने के बाद टूटकर यह ₹91.20 (GRE Renew Enertech Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 13.14% घाटे में हैं।
GRE Renew Enertech IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
जीआरई रिन्यू एनर्टेक का ₹40 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 13-16 जनवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 16.53 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 14.69 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 24.67 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 14.10 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 37.68 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹32.61 करोड़ ग्राउंड माउंटेड सोलर पावर प्लांट लगाने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
GRE Renew Enertech के बारे में
जीआरई रिन्यू एंटरटेक सोलर एनर्जी सॉल्यूशंस और एलईडी लाइटिंग प्रोडक्ट्स के बिजनेस में है। यह रूफटॉप और ग्राउंड-माउंटेड सोलर इंस्टॉलेशंस के साथ-साथ इनडोर और आउटडोर एलईडी लाइटिंग सॉल्यूशंस ऑफर करती है। कंपनी दो मॉडल- कैपेक्स मॉडल (ईपीसी) और रेस्को मॉडल (ओपेक्स) पर काम करती है। कैपेक्स मॉडल के तहत कंज्यूमर्स का सोलर सिस्टम पर मालिकाना हक रहता है और फंडिंग करते हैं जबकि ईपीसी सर्विसेज के तहत यह इंजीनियरिंग, प्रोक्यूरमेंट, कंस्ट्रक्शन और कमीशनिंग का काम करती है। रेस्को मॉडल के तहत यह रूफटॉप सोलर सिस्टम्स का मालिकाना हक रखती है और इसकी फंडिंग करती है जिससे इसे एन्यूटी इनकम होती है तो कंज्यूमर हर महीने टैरिफ चुकाते हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹89 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹9.91 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन अगले ही वित्त वर्ष 2025 में मुनाफा घटकर ₹7.03 करोड़ पर आ गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में भी उठा-पटक दिखी और वित्त वर्ष 2023 में ₹53.11 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 में ₹92.15 करोड़ से वित्त वर्ष 2025 में यह ₹84.37 करोड़ पर आ गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹4.00 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹43.98 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। सितंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹1.45 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹24.70 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।