Bharti Airtel share price : जेफरीज ने भारती एयरटेल पर अपने तेजी के नजरिए की फिर से पुष्टि की है। जेफरीज का कहना है कि ये टेलीकॉम दिग्गज अपने प्रति-यूजर औसत कमाई (ARPU) में मजबूत ऑर्गेनिक ग्रोथ लाने पर फोकस बनाए हुए है। आगे कंपनी को इसका फायद मिलेगा। ग्लोबल ब्रोकरेज जेफरीज ने 1,300 रुपये प्रति शेयर के लक्ष्य मूल्य के साथ भारती एयरटेल पर अपना 'buy' कॉल बरकरार रखा। इसका मतलब ये है कि जेफरीज के मुताबिक इस स्टॉक में वर्तमान स्तरों से लगभग 5.5 फीसदी की बढ़त देखने को मिल सकती है।
कंपनी के लिए टैरिफ बढ़ोतरी की स्पष्ट गुंजाइश
भारती एयरटेल अपने सब्सक्राइबर मिक्स में सुधार और बेहतर मॉनीटाइजेशन के जरिए अपने एआरपीयू को बढ़ाने का प्रयास कर रही है। जेफरीज का कहना है कि कंपनी के लिए टैरिफ बढ़ोतरी की स्पष्ट गुंजाइश है। लेकिन ऐसा कब होगा ये कहा नहीं जा सकता। टैरिफ बढ़ाना 5जी के लिए पैसे जुटाने और ROCE (रिटर्न ऑन कैपिटल इम्प्लाइड) में सुधार के लिए जरूरी है।
जेफरीज ने आगे कहा कि भारती एयरटेल के मैनेजमेंट को वित्त वर्ष 2025 से पूंजीगत व्यय में कमी आने की उम्मीद है। कंपनी अपनी बैलेंस शीट को और ज्यादा मजबूत करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
भारती एयरटेल के फंडामेंटल्स मजबूत
18 मार्च को जेफरीज ने अगले पांच सालों में 15-25 फीसदी सालना रिटर्न देने की क्षमता वाले अपने टॉप 11 पिक्स की एक सूची जारी की थी। इस सूची में शामिल शेयरों का चुनाव दो अहम फैक्टर्स, मजबूत फंडामेंटल्स और लॉन्ग टर्म संभावनाओं के आधार पर किया गया है। इस सूची में भारती एयरटेल भी शामिल है।
कमाई में सालाना आधार पर 12 से 13 फीसदी की ग्रोथ की उम्मीद
ब्रोकरेज को उम्मीद है कि 2024 से 2030 तक कंपनी की भारत से होने वाली कमाई में सालाना आधार पर 12 से 13 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिल सकती है। इसमें बाजार हिस्सेदारी में बढ़त और हाई एआरपीयू का सबसे बड़ा योगदान होगा। जेफरीज का मानना है कि लगातार हो रहा फ्री कैश फ्लो जेनरेशन एक ऐसे कारक का काम कर सकता है जो वैल्यूएशन बेंचमार्क को फ्री कैश फ्लो यील्ड की ओर शिफ्ट कर सकता है।
20 मार्च को एयरटेल के शेयर 0.26 फीसदी की बढ़त के साथ 1,231.8 रुपये पर बंद हुए थे। पिछले छह महीनों में इस शेयर में लगभग 35 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है। फिलहाल आज 9.50 बजे के आसपास भारती एयरटेल 7.75 रुपए यानी 0.63 फीसदी की बढ़त के साथ 1239 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।