Banking Stocks: मजबूत मार्केट सेंटिमेंट के बावजूद आज निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक आरबीएल बैंक (RBL Bank) के शेयरों में बिकवाली का दबाव दिख रहा है। इसके शेयर आज तीन फीसदी से अधिक कमजोर हुए हैं और मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसमें आगे भी गिरावट का रुझान दिख रहा है। दिसंबर तिमाही के कमजोर नतीजे ने इसमें बिकवाली का दबाव बनाया हुआ है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक आरबीएल बैंक के शेयर मौजूदा लेवल से 7 फीसदी से अधिक टूट सकते हैं। इसके शेयर बीएसई पर अभी 161.80 रुपये के भाव (RBL Bank Share Price) पर ट्रेड हो रहे हैं।
सात महीने में 155% मजबूत हुआ RBL Bank
आरबीएल बैंक के शेयर पिछले साल 20 जून 2022 को 74.15 रुपये के भाव पर थे। यह बैंक के शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर था। इसके बाद तो शेयरों में पंख लग गए और महज सात महीने में यह 155 फीसदी उड़कर 6 जनवरी 2023 को 189.20 रुपये के भाव पर पहुंच गया। यह 52 हफ्ते का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है। हालांकि फिर बिकवाली के दबाव में अब तक यह 14 फीसदी टूट चुका है। एक्सपर्ट इसमें आगे भी बिकवाली का दबाव देख रहे हैं।
अब एक्सपर्ट ने क्यों दी बेचने की सलाह
घरेल ब्रोकरेज फर्म एचडीएफसी सिक्योरिटीज के मुताबिक अधिक प्रोविजन और बढ़ी लागत के चलते बैंक के लिए दिसंबर तिमाही निराशाजनक रही। तिमाही आधार पर ग्रॉस/नेट स्लिपेज और राइट-ऑफ कम हुआ है लेकिन सालाना आधार पर यह बढ़कर 3.9%/2.4% और 2.4% पर पहुंच गया। सबसे ज्यादा दबाव क्रेडिट कार्ड और एमएफआई कारोबर से आया।
तिमाही आधार पर उछाल के बावजूद टाइट लिक्विडिटी माहौल और प्रतिस्पर्धी बाजार में कमजोर स्थिति के चलते डिपॉजिट मोबलाइजेशन चुनौती भरा होने वाला है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि ब्रांच, हायर डिपॉजिट प्राइसिंग इत्यादि पर बैंक के लागत में बढ़ोतरी हो सकती है। इन सब वजहों से ब्रोकरेज फर्म ने इसकी रिड्यूस रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 150 रुपये फिक्स किया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।