Havells India Q4 Results: मुनाफा 40% बढ़ा, केबल सेगमेंट में तगड़ी ग्रोथ; डिविडेंड का ऐलान
Havells India Q4 Results: कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजों में मुनाफा 40% बढ़ा। केबल सेगमेंट में मजबूत ग्रोथ दिखी। कंपनी ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है। जानिए डिटेल।
Havells India का नेट प्रॉफिट 40.6% बढ़कर 734 करोड़ रुपये हो गया।
Havells India Q4 Results: कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स कंपनी Havells India Ltd के मार्च तिमाही के नतीजे ऑपरेटिंग स्तर पर उम्मीद से बेहतर रहे। हालांकि कुछ आंकड़े सालाना आधार पर कमजोर भी दिखे। नतीजों के बाद स्टॉक करीब 5% बढ़कर 1,391.8 रुपये पर ट्रेड करता नजर आया। पिछले एक महीने में यह शेयर करीब 13% चढ़ चुका है।
Havells India ने ब्रिटानिया के पूर्व MD और CEO वरुण बेरी को अपने बोर्ड में इंडीपेंडेंट डायरेक्टर के तौर पर नियुक्त किया है।
अदर इनकम के चलते प्रॉफिट में उछाल
Havells India का नेट प्रॉफिट 40.6% बढ़कर 734 करोड़ रुपये हो गया। पहली नजर में यह मजबूत ग्रोथ लगती है, लेकिन इसमें अदर इनकम का बड़ा योगदान रहा। ये कमाई होती है जो कंपनी के मुख्य बिजनेस से नहीं आती, बल्कि अलग स्रोतों से आती है।
अदर इनकम करीब पांच गुना बढ़कर 325.8 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल करीब 70 करोड़ रुपये थी। इसमें 283 करोड़ रुपये का फेयर वैल्यू गेन शामिल है। यानी प्रॉफिट में बढ़त पूरी तरह ऑपरेटिंग ग्रोथ से नहीं आई है।
कंपनी का कुल रेवेन्यू 2.4% बढ़कर 6,687 करोड़ रुपये रहा। यह ग्रोथ सीमित रही और एनालिस्ट के अनुमान 6,971 करोड़ रुपये से थोड़ी कम रही।
ऑपरेटिंग प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर
Havells India का EBITDA इस तिमाही में सालाना आधार पर 4.5% घटकर 727 करोड़ रुपये रहा। हालांकि यह एनालिस्ट के अनुमान 691 करोड़ रुपये से बेहतर रहा।
EBITDA मार्जिन 10.8% रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 11.7% से 90 बेसिस पॉइंट कम है। फिर भी यह आंकड़ा अनुमान से बेहतर रहा, जिससे ऑपरेटिंग प्रदर्शन मजबूत माना जा रहा है।
केबल बिजनेस ने संभाला ग्रोथ
Havells India के केबल सेगमेंट में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। इस बिजनेस का रेवेन्यू 14% बढ़ा, जबकि EBIT 36% बढ़ा। EBIT मार्जिन भी 11.9% से बढ़कर 14.2% हो गया।
कंपनी के मुताबिक, पावर केबल्स में मजबूत मांग के चलते यह ग्रोथ आई। वहीं वायर बिजनेस में ग्रोथ थोड़ी धीमी रही, क्योंकि चैनल इन्वेंट्री सामान्य हो रही है और पिछले साल का बेस ज्यादा था।
Lloyd बिजनेस में दबाव
Lloyd सेगमेंट में इस तिमाही के दौरान रेवेन्यू में कमी देखने को मिली। इसकी वजह पिछले साल का हाई बेस और इस बार गर्मी की देरी से शुरुआत रही। हालांकि पिछली तिमाही के मुकाबले इसमें सुधार दिखा।
Lloyd बिजनेस के कमजोर प्रदर्शन का असर मार्जिन पर भी पड़ा, लेकिन कुल मिलाकर कंपनी के कुल मार्जिन स्थिर रहे।
फाइनल डिविडेंड का ऐलान
Havells India Ltd. के बोर्ड ने FY26 के लिए ₹1 फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर ₹6 का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है। यानी कंपनी ने 600% के रेट से डिविडेंड देने की सिफारिश की है।
यह डिविडेंड पहले दिए गए ₹4 प्रति शेयर के इंटरिम डिविडेंड के अलावा है। इसका मतलब है कि के लिए कुल डिविडेंड ₹10 प्रति शेयर (₹6 फाइनल + ₹4 इंटरिम) हो गया है।
शेयरों का हाल
Havells India के शेयर बुधवार, 22 अप्रैल को नतीजों के बाद करीब 5% तक चढ़ गए। हालांकि, इसके जबरदस्त मुनाफावसूली हुई और स्टॉक लाल निशान में चला हुआ। यह 0.29% की मामूली गिरावट के साथ 1,325 रुपये पर बंद हुआ।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।