HDB फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के शेयरों में 16 अप्रैल को शुरुआती कारोबार में अच्छी तेजी दिखी। BSE पर शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 12 प्रतिशत तक उछलकर 724 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 6.5 प्रतिशत बढ़त के साथ 686.30 रुपये पर सेटल हुआ। एक दिन पहले कंपनी ने तिमाही नतीजे जारी किए थे, जो कि शानदार रहे हैं। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 41.4 प्रतिशत बढ़कर 751 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 531 करोड़ रुपये था।
ब्याज आय 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 4,081 करोड़ रुपये रही, जो मार्च 2025 तिमाही में 3,623 करोड़ रुपये थी। मार्च 2026 तिमाही में एसेट्स अंडर मैनेजमेंट सालाना आधार पर 10.7 प्रतिशत बढ़कर 1,18,733 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 1,07,262 करोड़ रुपये के थे। ग्रॉस लोन बुक 10.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,18,493 करोड़ रुपये की रही, जो मार्च 2025 तिमाही में 1,06,878 करोड़ रुपये की थी।
तिमाही नतीजों के साथ HDB फाइनेंशियल सर्विसेज के बोर्ड ने 2 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर डेट सिक्योरिटीज को जारी कर फंड जुटाने पर भी मुहर लगाई है। कंपनी एक या एक से अधिक राउंड में 32,825 करोड़ रुपये जुटाएगी।
नोमुरा ने HDB Financial Services के शेयरों पर 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 740 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज ने कहा कि एसेट क्वालिटी से जुड़ी चिंताएं अब काफी हद तक खत्म हो गई हैं और कंपनी का ध्यान अब ग्रोथ की ओर बढ़ रहा है। फंड्स की लागत में सुधार आने वाले समय में भी जारी रह सकता है। हालांकि, पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष एक बड़ा रिस्क फैक्टर है।
जेफरीज ने 'बाय' रेटिंग को दोहराया है और टारगेट प्राइस 845 रुपये प्रति शेयर तय रखा है। ब्रोकरेज ने कहा कि सभी सेगमेंट्स में एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ है और अब तक पश्चिम एशिया के संघर्ष का कोई बड़ा असर देखने को नहीं मिला है। एसेट्स अंडर मैनेजमेंट में और भी मजबूत ग्रोथ की उम्मीद है, लागत में कमी आने की उम्मीद है और FY28 तक अर्निंग्स के 22 प्रतिशत CAGR यानि के कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट से बढ़ने की उम्मीद है।
जुलाई 2025 में लिस्ट हुई थी HDB Financial Services
HDFC Bank की सब्सिडियरी HDB Financial Services का 12500 करोड़ रुपये का IPO 17.65 गुना भरा था। कंपनी के शेयर 2 जुलाई 2025 को शेयर बाजार में लिस्ट हुए थे। कंपनी का मार्केट कैप 56900 करोड़ रुपये से ज्यादा है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 74.15 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।