प्राइवेट सेक्टर के HDFC Bank के शेयरों में 19 जून को दिन में 2.6 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। बीएसई पर भाव 777.55 रुपये के लो तक गया। दरअसल आज बैंक का शेयर एक्स-डिविडेंड ट्रेड कर रहा है। बैंक वित्त वर्ष 2026 के लिए 13 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड दे रहा है। रिकॉर्ड डेट 19 जून तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। ध्यान रहे कि आज, शुक्रवार को शेयर खरीदने वालों को इस डिविडेंड का फायदा नहीं मिलेगा।
HDFC Bank के बोर्ड ने फाइनल डिविडेंड को अप्रैल में तिमाही नतीजे जारी करते वक्त मंजूरी दी थी। इससे पहले बैंक वित्त वर्ष 2026 के लिए 2.50 रुपये प्रति शेयर का स्पेशल डिविडेंड दे चुका है। वित्त वर्ष 2025 के लिए 22 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया गया था। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है।
HDFC Bank का मार्केट कैप 11.98 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। यह सेंसेक्स की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल है। शेयर 6 महीनों में 21 प्रतिशत गिरा है। शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,020.35 रुपये और एडजस्टेड लो 726.75 रुपये है।
केकी मिस्त्री का कार्यकाल 3 महीने बढ़ा
एक दिन पहले बैंक ने शेयर बाजारों को बताया था कि RBI ने HDFC Bank के अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन के तौर पर केकी मिस्त्री का कार्यकाल 3 महीने और बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। यह कार्यकाल 18 सितंबर, 2026 तक या रेगुलर पार्ट-टाइम चेयरमैन की नियुक्ति होने तक (जो भी पहले हो) रहेगा। बैंक के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद 18 मार्च 2026 को मिस्त्री को अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया गया था। चक्रवर्ती ने कामकाज को लेकर चिंता का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था और कहा था कि पिछले दो वर्षों में बैंक की कुछ प्रक्रियाएं उनके व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं थीं।
HDFC Bank का मार्च तिमाही में मुनाफा 9 प्रतिशत बढ़ा
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में HDFC Bank का स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा 19221.05 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 17616.14 करोड़ रुपये से 9 प्रतिशत ज्यादा है। बैंक की कुल इनकम लगभग फ्लैट रहकर 89808.90 करोड़ रुपये रही। मार्च 2025 तिमाही में यह 89487.99 करोड़ रुपये थी। शुद्ध ब्याज आय 3.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 33,281.5 करोड़ रुपये हो गई, जो मार्च 2025 तिमाही में 32,066 करोड़ रुपये थी।
मार्च 2026 तिमाही में HDFC Bank का ग्रॉस NPA (Non-Performing Assets) रेशियो 1.15 प्रतिशत रहा। एक साल पहले यह 1.33 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो भी सालाना आधार पर कम होकर 0.38 प्रतिशत रहा। मार्च 2025 तिमाही में यह 0.43 प्रतिशत था। NPA में गिरावट बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार दर्शाती है। वित्त वर्ष 2026 में बैंक की कुल स्टैंडअलोन इनकम 370054.65 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 74671.29 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।